ट्राई ने दूरसंचार अंतःसंयोजन नियमों में किया संशोधन, 1 जनवरी से होंगे लागू

ट्राई ने दूरसंचार अंतःसंयोजन नियमों में किया संशोधन, 1 जनवरी से होंगे लागू
Facebook WhatsApp

नई दिल्ली। भारतीय दूरसंचार विनियामक प्राधिकरण (ट्राई) ने दूरसंचार कंपनियों के बीच नेटवर्क अंतःसंयोजन से जुड़े नियमों में संशोधन किया है। नए प्रावधानों के तहत बाजार में पर्याप्त शक्ति रखने वाली कंपनियों के लिए संदर्भ अंतःसंयोजन प्रस्ताव (आरआईओ) जमा करने और प्रकाशित करने की समय-सीमा तय की गई है।

साथ ही, नेटवर्क रूटिंग व्यवस्था को आधुनिक बनाने और नियमों के उल्लंघन पर वित्तीय निरुत्साहन का प्रावधान किया गया है। संशोधित नियम 1 जनवरी 2027 से लागू होंगे।

ट्राई ने शुक्रवार को ‘दूरसंचार अंतःसंयोजन (संदर्भ अंतःसंयोजन प्रस्ताव) (संशोधन) विनियम, 2026’ जारी किए। इनका उद्देश्य मौजूदा लाइसेंस और प्राधिकरण व्यवस्था के अनुरूप अंतःसंयोजन ढांचे को आधुनिक बनाना तथा सेवा प्रदाताओं के बीच पारदर्शिता, गैर-भेदभाव और प्रभावी नेटवर्क संपर्क सुनिश्चित करना है।

नए नियमों के अनुसार, किसी लाइसेंस प्राप्त या प्राधिकृत दूरसंचार सेवा क्षेत्र में यदि किसी सेवा प्रदाता की निर्धारित मानदंडों में हिस्सेदारी 30 प्रतिशत या उससे अधिक है तो उसे बाजार में पर्याप्त शक्ति (एसएमपी) वाला माना जाएगा। इसके लिए समायोजित सकल राजस्व, उपभोक्ता आधार, नेटवर्क की ध्वनि कॉल प्रबंधन क्षमता और ट्रैफिक का परिमाण आधार होंगे। ट्राई प्रत्येक सेवा क्षेत्र में इन मानदंडों के आधार पर एसएमपी की स्थिति का निर्धारण करेगा।

एसएमपी वाला घोषित सेवा प्रदाता इस निर्धारण के 30 दिन के भीतर अपना संदर्भ अंतःसंयोजन प्रस्ताव (आरआईओ) अनुमोदन के लिए ट्राई को प्रस्तुत करेगा। अनुमोदन मिलने के 15 दिन के भीतर उसे अपनी वेबसाइट पर प्रकाशित करना होगा। यदि ट्राई किसी प्रकाशित आरआईओ में संशोधन का निर्देश देता है तो संबंधित कंपनी को 15 दिन के भीतर संशोधित प्रस्ताव प्रस्तुत करना होगा और अनुमोदन के बाद अगले 15 दिन में उसे प्रकाशित करना होगा।

संशोधित नियमों के तहत अंतःसंयोजन समझौते प्रकाशित आरआईओ के आधार पर किए जाएंगे। हालांकि, सेवा प्रदाता आपसी सहमति से इसकी शर्तों में बदलाव कर सकेंगे। इससे कंपनियों को एक पारदर्शी आधारभूत व्यवस्था के साथ व्यावसायिक स्तर पर लचीलापन भी मिलेगा।ट्राई ने नेटवर्क रूटिंग व्यवस्था में भी बदलाव किया है।

पुराने एसडीसीए और एलडीसीए आधारित रूटिंग के स्थान पर लाइसेंस सेवा क्षेत्र (एलएसए) आधारित व्यवस्था लागू की जाएगी। इसमें स्थानीय, अंतर-सेवा क्षेत्र और अंतरराष्ट्रीय कॉल के आवक तथा निर्गामी ट्रैफिक के लिए रूटिंग को सरल बनाया गया है। नए ढांचे में आईपी आधारित नेटवर्क और आधुनिक तकनीकी मानकों को भी शामिल किया गया है।

anand prakash

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

चोरी करने से बेहतर है खुद की कंटेंट बनाओ! You cannot copy content of this page