शिक्षा के जरिए ही विश्व गुरु बनेगा भारत : रामदेव

शिक्षा के जरिए ही विश्व गुरु बनेगा भारत : रामदेव
Facebook WhatsApp

हरिद्वार। छात्रों के सामाजिक-भावनात्मक विकास और कल्याण से जुड़ी चुनौतियों पर केंद्रित काउंसिल ऑफ बोर्ड्स ऑफ स्कूल एजुकेशन इन इंडिया (कोब्से) का तीन दिवसीय अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन पतंजलि रिसर्च इंस्टीट्यूट के सभागार में संपन्न हुआ।25 से 27 नवंबर तक आयोजित सम्मेलन में नेपाल और भूटान सहित देश के 41 स्कूली शिक्षा बोर्डों के करीब 91 प्रतिनिधियों ने भाग लिया।

तीन दिनों तक बच्चों के समग्र विकास, शिक्षा की बदलती जरूरतों और भारतीय शिक्षा व्यवस्था के विभिन्न पहलुओं पर व्यापक विमर्श हुआ। इस दौरान कोब्से की जनरल बॉडी की बैठक में 56वां सम्मेलन त्रिपुरा में आयोजित करने का प्रस्ताव पारित किया गया।

समापन समारोह में योग गुरु स्वामी रामदेव ने कहा कि शिक्षा के माध्यम से ही भारत विश्व गुरु बन सकता है। भारत को विश्व गुरु बनाने के लिए शिक्षा के क्षेत्र में विश्वगुरु बनना होगा। जिस प्रकार की शिक्षा व्यवस्था होगी, उसी के अनुरूप बच्चों का निर्माण होगा। उन्होंने कहा कि समग्रता, समानता और समता के साथ आगे बढ़ने से समस्याओं की गुंजाइश नहीं रहेगी।

उनका सपना है कि 90 से 99 प्रतिशत बच्चे सरकारी स्कूलों में पढ़ें और अभिभावक इस पर गौरव महसूस करें।स्वामी रामदेव ने कहा कि देश को आगे बढ़ाने के लिए केवल नारों से काम नहीं चलेगा, बल्कि शिक्षा के माध्यम से आगे बढ़ना होगा। योग और आयुर्वेद भी शिक्षा के ही आयाम हैं। शिक्षा में दृष्टि और दक्षता का समावेश होना चाहिए। बच्चों में उत्साह बनाए रखना और उनके चित्त एवं मानस का निर्माण करना शिक्षा का महत्वपूर्ण उद्देश्य है।

कोब्से के महासचिव एमसी शर्मा ने बताया कि तीन दिनों में विभिन्न विषयों पर कुल 12 प्रस्तुतियां हुईं। इस अवसर पर स्वामी रामदेव ने कोब्से के चेयरमैन, सचिव और सदस्यों के परिवारों को दिसंबर 2026 और जनवरी 2027 में वेलनेस के लिए आमंत्रित किया।

कोब्से के अध्यक्ष डॉ. जी. इम्मानुएल ने कहा कि यह बेहद सफल आयोजन रहा। बच्चों के सर्वांगीण विकास और उनकी समस्याओं के समाधान को लेकर व्यापक मंथन किया गया। उन्होंने आशा जताई कि भारतीय शिक्षा बोर्ड देश का बेहतरीन शिक्षा बोर्ड बनेगा।भारतीय शिक्षा बोर्ड के कार्यकारी अध्यक्ष एनपी सिंह ने कहा कि देश के सभी शिक्षा बोर्डों को एक साथ खड़ा होना होगा। सामूहिक प्रयासों से ही बच्चों का बेहतर भविष्य गढ़ा जा सकता है।

समापन समारोह का संचालन भारतीय शिक्षा बोर्ड की डायरेक्टर (एकेडमिक) डॉ. वंदना पाण्डेय ने किया। इस दौरान स्वामी पुण्य देव, सतेन्द्र पंवार सहित अन्य लोग मौजूद रहे।

anand prakash

Related articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

चोरी करने से बेहतर है खुद की कंटेंट बनाओ! You cannot copy content of this page