बीएसएनएल की आय में 10 प्रतिशत की बढ़ोतरी, एंटरप्राइज कारोबार बना सबसे बड़ा ग्रोथ इंजन : सिंधिया

बीएसएनएल की आय में 10 प्रतिशत की बढ़ोतरी, एंटरप्राइज कारोबार बना सबसे बड़ा ग्रोथ इंजन : सिंधिया
Facebook WhatsApp

नई दिल्ली। केंद्रीय संचार एवं पूर्वोत्तर क्षेत्र विकास मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने सोमवार को कहा कि भारत संचार निगम लिमिटेड (बीएसएनएल) ने वित्त वर्ष 2026-27 की पहली तिमाही में मजबूत प्रदर्शन करते हुए सेवा राजस्व में लगभग 10 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की है।एंटरप्राइज, मोबिलिटी और फिक्स्ड एक्सेस सेवाओं में बेहतर प्रदर्शन के साथ कंपनी ने नए वित्त वर्ष की सकारात्मक शुरुआत की है तथा अब सेवा गुणवत्ता और ग्राहक अनुभव को और बेहतर बनाने पर विशेष जोर दिया जा रहा है।

सिंधिया ने यहां विज्ञान भवन में आयोजित बीएसएनएल की रणनीतिक समीक्षा एवं योजना बैठक (एसआरपीएम) में पहली तिमाही के परिणामों की समीक्षा की। इस अवसर पर संचार एवं ग्रामीण विकास राज्यमंत्री डॉ. चंद्रशेखर पेम्मासानी, दूरसंचार सचिव अमित अग्रवाल, बीएसएनएल के अध्यक्ष एवं प्रबंध निदेशक ए. रॉबर्ट जे. रवि, दूरसंचार विभाग के वरिष्ठ अधिकारी, बीएसएनएल बोर्ड के सदस्य तथा देशभर के विभिन्न सर्किलों के मुख्य महाप्रबंधक उपस्थित रहे।

बैठक में प्रस्तुत प्रारंभिक आंकड़ों के अनुसार बीएसएनएल का सेवा राजस्व बढ़कर लगभग 4,418 करोड़ रुपये तक पहुंच गया है, जो पिछले वर्ष की समान अवधि की तुलना में करीब 10 प्रतिशत अधिक है। यह वृद्धि केवल परिचालन गतिविधियों से अर्जित आय पर आधारित है और इसमें अन्य स्रोतों से होने वाली आय शामिल नहीं है।समीक्षा के दौरान बताया गया कि बीएसएनएल का एंटरप्राइज कारोबार सबसे तेज़ी से बढ़ने वाला खंड बनकर उभरा है। इस क्षेत्र में लगभग 19 प्रतिशत की वार्षिक वृद्धि दर्ज की गई। छत्तीसगढ़, राजस्थान, महाराष्ट्र और असम सर्किलों ने इस श्रेणी में उल्लेखनीय प्रदर्शन किया। सिंधिया ने कहा कि यह दर्शाता है कि केंद्रित रणनीति और प्रभावी क्रियान्वयन से बीएसएनएल के लिए व्यापक संभावनाएं मौजूद हैं।

उपभोक्ता मोबिलिटी सेवा क्षेत्र में भी कंपनी ने बेहतर प्रदर्शन किया है। इस खंड में राजस्व में लगभग आठ प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई। झारखंड, छत्तीसगढ़ और उत्तराखंड सर्किलों ने अपने तिमाही लक्ष्यों को काफी पीछे छोड़ते हुए उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल की।

उपभोक्ता फिक्स्ड एक्सेस (सीएफए) कारोबार में राजस्व लगभग स्थिर रहा, जबकि ग्राहक आधार में मामूली सकारात्मक वृद्धि देखने को मिली। जम्मू-कश्मीर, झारखंड, उत्तर प्रदेश (पश्चिम) और कर्नाटक सर्किलों ने इस क्षेत्र में अच्छा प्रदर्शन किया।

बैठक में वित्तीय उपलब्धियों के साथ-साथ सेवा गुणवत्ता (क्यूओएस) से जुड़े मानकों की भी विस्तार से समीक्षा की गई। नेटवर्क उपलब्धता, ग्राहक अनुभव, औसत मरम्मत समय, बीटीएस अपटाइम और ओएलटी अपटाइम जैसे प्रमुख प्रदर्शन संकेतकों पर चर्चा हुई। मंत्री ने कहा कि बीएसएनएल की दीर्घकालिक सफलता के लिए परिचालन दक्षता और सेवा गुणवत्ता में निरंतर सुधार आवश्यक है।समीक्षा बैठक की एक प्रमुख विशेषता उन छह सर्किल पंजाब, हरियाणा, केरल, झारखंड, राजस्थान और ओडिशा को सम्मानित करना रहा, जिन्होंने पहली तिमाही में उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। संबंधित सर्किलों के मुख्य महाप्रबंधकों ने अपने सफल प्रयासों और नवाचारों को साझा किया। सिंधिया ने कहा कि इस प्रकार की ज्ञान-साझेदारी से संगठन में उत्कृष्टता और सहयोगात्मक कार्यसंस्कृति को बढ़ावा मिलेगा।

उन्होंने कहा कि पहली तिमाही के परिणाम बीएसएनएल के परिवर्तन अभियान को नई गति देने वाले हैं। कंपनी का लक्ष्य अब इस विकास दर को बनाए रखते हुए परिचालन दक्षता, नेटवर्क प्रदर्शन और ग्राहक संतुष्टि में ठोस सुधार सुनिश्चित करना है। बीएसएनएल देश के भरोसेमंद दूरसंचार सेवा प्रदाता के रूप में अपनी स्थिति को और मजबूत करेगा।

anand prakash

Related articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

चोरी करने से बेहतर है खुद की कंटेंट बनाओ! You cannot copy content of this page