पाकिस्तानी आतंकी नेटवर्क से जुड़ा संदिग्ध बिहार के कटिहार से गिरफ्तार, देश विरोधी जानकारियां कर रहा था साझा

पाकिस्तानी आतंकी नेटवर्क से जुड़ा संदिग्ध बिहार के कटिहार से गिरफ्तार, देश विरोधी जानकारियां कर रहा था साझा
Facebook WhatsApp

कटिहार। बिहार के कटिहार पुलिस ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए पाकिस्तान आधारित आतंकी नेटवर्क से जुड़े एक 22 वर्षीय संदिग्ध युवक को गिरफ्तार किया है। गुप्त सूचना के आधार पर कोढ़ा थाना पुलिस ने मुसापुर गांव के रहने वाले मोहम्मद अहद (पिता- मो.आलम) को हिरासत में लिया। उसके पास से एक एंड्रॉइड मोबाइल फोन जब्त किया गया है। आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर कोढ़ा थाना में कांड संख्या-229/2026 दर्ज किया गया है।

गिरफ्तार आरोपी के मोबाइल फोन और सोशल मीडिया खातों के तकनीकी विश्लेषण से कई गंभीर खुलासे हुए हैं। पुलिस जांच में यह बात सामने आई है कि आरोपी मोहम्मद अहद इंस्टाग्राम और व्हाट्सएप के जरिए पाकिस्तान में बैठे गैंगस्टर राणा हूनैन उर्फ राणा हुसैन के संपर्क में था। पुलिस के मुताबिक, राणा हुसैन पाकिस्तानी गैंगस्टर शहजाद भट्टी के आतंकी नेटवर्क का हिस्सा है। पूछताछ और जांच में पता चला है कि यह संदिग्ध युवक चैट, ऑडियो कॉल और सोशल मीडिया के माध्यम से देश के संवेदनशील स्थलों की जानकारी साझा कर रहा था। इसके अलावा वह आतंकी गतिविधियों से जुड़ी सामग्री का आदान-प्रदान करने और देश विरोधी गतिविधियों में भी संलिप्त था। आरोपी सोशल मीडिया पर भारत विरोधी एवं सांप्रदायिक वैमनस्य फैलाने वाली सामग्री का लगातार प्रचार-प्रसार कर रहा था और लोगों को पाकिस्तानी व्हाट्सएप चैनलों के लिंक भेजकर उन्हें उस नेटवर्क से जोड़ने का प्रयास कर रहा था।पुलिस ने इस मामले में जांच के दायरे में आए कुछ अन्य लोगों के मोबाइल फोन भी खंगाले, लेकिन उनमें किसी प्रकार की संदिग्ध गतिविधि नहीं पाई गई।

इस घटना के बाद कटिहार पुलिस ने आम जनता से अपील की है कि सोशल मीडिया पर राष्ट्रविरोधी, आतंकवाद समर्थक या सांप्रदायिक सौहार्द बिगाड़ने वाली किसी भी गतिविधि की सूचना तुरंत स्थानीय पुलिस या हेल्पलाइन को दें। पुलिस ने चेतावनी दी है कि ऐसे मामलों में कानून के तहत कठोरतम कार्रवाई की जाएगी।

anand prakash

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

चोरी करने से बेहतर है खुद की कंटेंट बनाओ! You cannot copy content of this page