भाजपा जिला कार्यकर्ता सम्मेलन में डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के आदर्शों पर चलने का आह्वान
– महापुरुषों के आदर्श ही संगठन की वास्तविक शक्तिः मंत्री
सुगौली। संगठन जिला रक्सौल के अंतर्गत सुगौली विधानसभा क्षेत्र स्थित एक विवाह भवन में भारतीय जनता पार्टी की ओर से डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी की 125 वीं जयंती स्मरण पर्व के अवसर पर जिला कार्यकर्ता सम्मेलन का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में बिहार सरकार के पथ निर्माण मंत्री ई. कुमार शैलेन्द्र शामिल हुए। सम्मेलन में डॉ. मुखर्जी के राष्ट्रवादी विचारों, उनके त्याग,कार्यशैली और राष्ट्र निर्माण में दिए गए अमूल्य योगदान को याद करते हुए उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की गई।
मंत्री कुमार शैलेन्द्र ने कहा कि महापुरुषों के आदर्श ही संगठन की वास्तविक शक्ति हैं। उन्होंने कार्यकर्ताओं से डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के विचारों को आत्मसात करते हुए ‘राष्ट्र प्रथम’ की भावना के साथ संगठन को और अधिक मजबूत बनाने तथा जनसेवा के कार्यों में पूरी निष्ठा से जुटने का आह्वान किया।
वहीं मुख्य सचेतक, पूर्व भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं सांसद डॉ. संजय जायसवाल,विधायक प्रमोद सिन्हा तथा अन्य नेताओं ने भी सम्मेलन को संबोधित किया। वक्ताओं ने डॉ. मुखर्जी के जीवन,संघर्ष और राष्ट्र के प्रति उनके समर्पण को प्रेरणादायी बताते हुए कार्यकर्ताओं से उनके बताए मार्ग पर चलने का आग्रह किया।
कार्यक्रम में भाजपा जिलाध्यक्ष अशोक पांडे,मछुआ आयोग के अध्यक्ष लल्लन सहनी,पूर्व मंत्री रामचंद्र सहनी,पूर्व विधायक उमाकांत सिंह,जिला प्रभारी रत्नेश सिंह,जिला महामंत्री रामएकबाल प्रसाद,भरत सिंह,अजय पटेल,प्रदीप सर्राफ,रामगोपाल खंडेलवाल,विकास शर्मा,अंकुर चौधरी सहित बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित थे।

