एलएनडी कॉलेज की सेवा में त्रुटि पर उपभोक्ता आयोग ने दिया पारितोष का आदेश
मोतिहारी। शहर के नामचीन लक्ष्मी नारायण दूबे महाविद्यालय परिसर में दुकान आवंटन मामले में महाविद्यालय प्रशासन की सेवा में त्रुटि पाए जाने पर जिला उपभोक्ता आयोग ने चार अलग-अलग परिवाद में प्रत्येक को 1,35,500 रुपये पारितोष देने का आदेश दिया है।
पारितोष की राशि दो माह के भीतर देनी होगी, साथ ही 1 फरवरी 2017 से भुगतान की तिथि तक 7 प्रतिशत ब्याज भी देना होगा। मामले में विनोद कुमार पिता ध्रुव नारायण राय, मोहल्ला अगरवा, अजय कुमार सिंह पिता रामयश सिंह, डॉ. राकेश कुमार सिंह पिता साकेन्द्र प्रसाद सिंह, मोहल्ला श्रीकृष्ण नगर, थाना नगर मोतिहारी एवं धीरज कुमार पिता ललन महतो, ग्राम बसतपुर, थाना मुफ्फसिल मोतिहारी, जिला पूर्वी चंपारण ने जिला उपभोक्ता आयोग में अलग-अलग परिवाद दायर किया था।
परिवाद में कहा गया था कि लक्ष्मी नारायण दूबे महाविद्यालय परिसर में दुकान आवंटन के लिए समाचार पत्र के माध्यम से विज्ञापन निकाला गया था। परिवादियों ने विज्ञापन के आलोक में महाविद्यालय प्रशासन से 500 रुपये का रसीद कटाकर विहित प्रपत्र में दुकान आवंटन के लिए आवेदन किया।
महाविद्यालय प्रशासन ने आवेदन के आलोक में आवेदक को सूचित कर महाविद्यालय के बैंक खाता में दुकान आवंटन राशि 1,30,000 रुपये जमा करने का निर्देश दिया। निर्देश के आलोक में सभी आवेदकों ने नामित बैंक खाता में राशि जमा करा दी। जब आवेदक दुकान आवंटन के लिए महाविद्यालय प्रशासन से एग्रीमेंट करने की बात कहे तो महाविद्यालय प्रशासन द्वारा कहा गया कि कानूनी अड़चन होने के कारण दुकान निर्माण बंद है। बाद में आवेदकों को पता चला कि महाविद्यालय प्रशासन आवेदकों से ली गई राशि लौटा रहा है। जब आवेदक अपनी राशि लौटाने को कहे तो महाविद्यालय ने राशि आवंटन नहीं होने का बहाना बनाकर टरकाता रहा। जब महाविद्यालय को राशि आवंटन हुआ तो भी आवेदकों की राशि वापस नहीं की।
आयोग के अध्यक्ष गिरीश मिश्रा व सदस्य संजीव कुमार ने दोनों पक्षों के साक्ष्यों एवं उपलब्ध कागजातों की समीक्षा के बाद विपक्षी बने महाविद्यालय के प्राचार्य एवं कुल सचिव, बीआरए विश्वविद्यालय, मुजफ्फरपुर की सेवा में त्रुटि पाते हुए मूल राशि 1,30,500 रुपये तथा मानसिक, आर्थिक व वाद खर्च के लिए 5,000 रुपये पारितोष देने का आदेश दिए।

