चाकू गोदकर हत्या मामले में पिता-पुत्र को आजीवन कारावास

चाकू गोदकर हत्या मामले में पिता-पुत्र को आजीवन कारावास
Facebook WhatsApp

-दोनों पर अलग अलग एक लाख पांच हजार रुपये का अर्थदंड, 

मोतिहारी। अनुसूचित जाति /जनजाति अत्याचार निवारण न्यायालय के अनन्य विशेष न्यायाधीश कमलेश चंद्र मिश्र ने चाकू गोदकर हत्या करने के मामले में दोषी पिता-पुत्र को सश्रम आजीवन कारावास की सजा सुनाई है।

न्यायालय ने दोनों अभियुक्तों पर अलग-अलग एक लाख पांच हजार रुपये का अर्थदंड भी लगाया है। अर्थदंड की राशि जमा नहीं करने पर दोनों को दो-दो वर्ष की अतिरिक्त कारावास की सजा भुगतनी होगी। सजा पाने वालों में बंजरिया थाना क्षेत्र के अजगरी मठ वार्ड संख्या पांच निवासी जितेंद्र सिंह और उसका पुत्र राजीव सिंह शामिल हैं।

मामले में स्थानीय निवासी निखिल रंजन ने बंजरिया थाना कांड संख्या 200/2024 के तहत चार नामजद और पांच-छह अज्ञात लोगों के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज कराई थी। प्राथमिकी के अनुसार, आठ अगस्त 2024 की रात करीब दस बजे महावीरी झंडा मेला देखकर सभी लोग घर लौट रहे थे।

इसी दौरान उसका भाई रामकुनवर राम गांव की एक दुकान पर सामान खरीदने लगा। आरोप है कि उस समय नामजद अभियुक्त शराब के नशे में चाकू लेकर घूम रहे थे। रामकुनवर राम ने उन्हें मेला समाप्त होने की बात कहते हुए घर जाने को कहा। इस पर अभियुक्तों ने जातिसूचक गालियां देते हुए उसके साथ मारपीट शुरू कर दी।इसी दौरान राजीव सिंह ने रामकुनवर राम को पटककर उसकी छाती पर बैठते हुए चाकू से कई वार कर दिए। गंभीर रूप से जख्मी होने के कारण उसकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई।

घटना के बाद स्थानीय लोगों ने दोनों पिता-पुत्र को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया। पुलिस ने गिरफ्तार दोनों अभियुक्तों के विरुद्ध आरोप पत्र न्यायालय में समर्पित किया, जबकि अन्य आरोपितों के विरुद्ध अनुसंधान जारी रखा। वाद संख्या 90/2024 के विचारण के दौरान विशेष लोक अभियोजक नुरूद्दीन अंसारी एवं पूर्व विशेष लोक अभियोजक मोहन ठाकुर ने अभियोजन पक्ष की ओर से आठ गवाहों की गवाही कराई। दोनों पक्षों की दलीलें सुनने एवं साक्ष्यों का अवलोकन करने के बाद न्यायाधीश ने दोनों अभियुक्तों को बीएनएस की धारा 103(1) तथा अनुसूचित जाति एवं जनजाति अत्याचार निवारण अधिनियम की धारा 3(1) एस एवं 3(2)(भी) के तहत दोषी करार देते हुए उक्त सजा सुनाई।

न्यायालय ने यह भी आदेश दिया कि अभियुक्तों द्वारा कारागार में बिताई गई अवधि का समायोजन सजा की अवधि में किया जाएगा। दोनों अभियुक्त नौ अगस्त 2024 से ही कारागार में बंद हैं।

anand prakash

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

चोरी करने से बेहतर है खुद की कंटेंट बनाओ! You cannot copy content of this page