पूर्वी चंपारण जिला के 69 पंचायतों मे आयोजित हुआ सहयोग शिविर

पूर्वी चंपारण जिला के 69 पंचायतों मे आयोजित हुआ सहयोग शिविर
Facebook WhatsApp

-केसरिया के गोछी कुशहर में आयोजित सहयोग शिविर में प्रभारी मंत्री श्रवण कुमार ने शिरकत कर जनता से किया सीधा संवाद

पूर्वी चंपारण। जिला के 25 प्रखंडों के कुल 69 पंचायतों में सहयोग शिविर का आयोजन किया गया। मंत्री ग्रामीण विकास विभाग एवं सूचना जनसंपर्क विभाग सह प्रभारी मंत्री श्रवण कुमार मंगलवार को केसरिया प्रखंड के गोछी कुशहर पंचायत में आयोजित सहयोग शिविर में शिरकत किए। उन्होंने आमजनों की समस्याओं को सुना और उनसे संवाद किया। उनके साथ शिविर में सांसद वाल्मीकिनगर सुनील कुमार, विधायक शालिनी मिश्रा, प्रभारी जिलाधिकारी सह उप विकास आयुक्त डॉ. प्रदीप कुमार, निदेशक डीआरडीए जयराम चौरसिया, प्रखंड विकास पदाधिकारी एवं अंचल अधिकारी सहित केसरिया प्रखंड के अन्य पदाधिकारी सहित अन्य सभी पदाधिकारी उपस्थित थे।


इस अवसर पर मंत्री ने बड़ी संख्या में शिविर में आए हुए नागरिकों से सीधे संवाद स्थापित कर उनकी समस्याओं, शिकायतों एवं आवश्यकताओं को गंभीरतापूर्वक सुना तथा संबंधित अधिकारियों को त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण निष्पादन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। प्रभारी मंत्री ने 80 जीविका समूह की दीदियों को बैंक सहायता ऋण के रूप में 05 करोड़ रुपए का सांकेतिक चेक प्रदान किया। यहां पर कुल 06 श्रमिकों को मनरेगा जॉब कार्ड प्रदान किया गया। आईसीडीएस के सौजन्य से सहयोग शिविर के दौरान गोद भराई एवं अन्नप्राशन के भी कार्य किए गए। इस पंचायत में कुल 422 आवेदन प्राप्त हुए, जिसमें से 385 का निष्पादन कर दिया गया था। बचे हुए 37 आवेदनों के शीघ्र निष्पादन के निर्देश दिए गए।

मंत्री के द्वारा बताया गया कि सहयोग शिविर/सहयोग पोर्टल के माध्यम से जिला में कुल 13000 आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें से 12000 से अधिक आवेदनो से संबंधित समस्याओं का निराकरण कर दिया गया है। उन्होंने उपस्थित जन समुदाय को संबोधित करते हुए कहा कि सहयोग शिविर का आयोजन राज्य सरकार की महत्वाकांक्षी योजनाओं में शामिल है, जिसमें आमजनों की समस्याओं का स्थानीय स्तर पर ही निराकरण किया जा रहा है। ग्राम पंचायत स्तर पर पंचायत सचिव, प्रखंड स्तर पर प्रखंड विकास पदाधिकारी, अंचलाधिकारी एवं थाना अध्यक्ष के स्तर की समस्याओं का निराकरण ऑन द स्पॉट किया जा रहा है।

समस्या का निराकरण अगर इससे ऊपर के स्तर पर होना है तो उसके लिए आवेदन को जिला, प्रमंडल अथवा राज्य स्तर पर संबंधित विभाग को भेजा जा रहा है जहां से निराकरण किया जा रहा है। सात निश्चय पार्ट 3 अंतर्गत “सबका सम्मान-जीवन आसान” निश्चय के तहत बिहार सरकार आमजन की समस्याओं के समाधान हेतु गांव-गांव तक प्रशासनिक पहुंच सुनिश्चित कर रही है। सहयोग शिविर केवल समस्याओं के समाधान और योजनाओं की जानकारी देने का माध्यम ही नहीं, बल्कि जनता और प्रशासन के बीच विश्वास एवं संवाद को मजबूत करने का प्रभावी मंच है। सरकार की मंशा है कि किसी भी व्यक्ति को अपनी समस्या के समाधान के लिए अनावश्यक रूप से कार्यालयों का चक्कर नहीं लगाना पड़े।

उन्होंने कहा कि राज्य सरकार अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक की समस्याओं के समाधान के सहयोग शिविर इसी जनोन्मुखी सोंच का परिणाम है, जहां विभिन्न विभागों के अधिकारी एक ही स्थान पर उपस्थित होकर लोगों की समस्याओं का समाधान कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि जनसुनवाई अच्छी चीज है और इसका बड़ा महत्व है। सरकार और जिला प्रशासन पंचायत स्तर पर लोगों की समस्याओं का समाधान कर रही है।

पिछले 21 वर्षों में सरकार के द्वारा किए गए कार्यों को गिनाते हुए कहा कि सभी क्षेत्रों में सभी वर्ग के लिए कार्य हुआ है। किसी को वंचित नहीं किया गया है। सरकार 125 यूनिट फ्री बिजली का उदाहरण देते हुए कहा कि ऐसा करने वाला बिहार देश में पहला राज्य है। जबकि जीविका के माध्यम से महिलाओं की 11लाख 88 हजार समूह बना हुआ है। महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने और रोजगार से प्रेरित करने के लिए बिहार में एक करोड़ 81 लाख महिलाओं को ₹10,000 की राशि दी गई है। आज
हर क्षेत्र में महिला, पुरुष के साथ कंधे से कंधे मिलाकर आत्मनिर्भरता के क्षेत्र में आगे बढ़ रही है। कहा कि सभी के सहयोग से बिहार को देश के टॉप पांच राज्य में खड़ा करना है। सरकार के द्वारा सभी क्षेत्रों में लगातार कार्य किया जा रहा है।

उन्होंने उपस्थित जन समुदाय से आपसी प्रेम और भाईचारा बनाकर आगे बढ़ाने की अपील की। इस अवसर स्थानीय विधायक शालिनी मिश्रा ने सरकार के कार्यों की सराहना की। कहा कि सहयोग शिविर के माध्यम से लोगों की समस्याओं का त्वरित समाधान हो रहा है। लोगों में इसको लेकर काफी उत्साह है। इसके पूर्व जिलाधिकारी सह उप विकास आयुक्त के द्वारा सभी का स्वागत किया गया। उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन राज्य सरकार के निर्देशों का शत प्रतिशत अनुपालन करा रही है एवं आगे जो भी निर्देश प्राप्त होंगे, उन सभी पर भी मजबूती से कार्य किया जाएगा।

anand prakash

Related articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

चोरी करने से बेहतर है खुद की कंटेंट बनाओ! You cannot copy content of this page