रक्सौल में एसएसबी का मेगा रक्तदान शिविर,150 जवानों ने किया रक्तदान

रक्सौल में एसएसबी का मेगा रक्तदान शिविर,150 जवानों ने किया रक्तदान
Facebook WhatsApp

-150 यूनिट रक्त हुआ संग्रहित

रक्सौल। सीमावर्ती क्षेत्र में सुरक्षा के साथ-साथ सामाजिक दायित्वों का निर्वहन करते हुए 47वीं वाहिनी, सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी), रक्सौल द्वारा स्वैच्छिक रक्तदान शिविर का भव्य आयोजन किया गया। शिविर का उद्देश्य रक्तदान के प्रति लोगों में जागरूकता बढ़ाना तथा जरूरतमंद मरीजों के लिए सुरक्षित रक्त की उपलब्धता सुनिश्चित करना था।

कार्यक्रम में वाहिनी के अधिकारियों एवं जवानों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया और कुल 150 बलकार्मिकों ने स्वेच्छा से रक्तदान किया, जिससे 150 यूनिट रक्त संग्रहित किया गया।

यह रक्तदान शिविर जी.एम.सी.एच., बेतिया एवं सदर अस्पताल, मोतिहारी के रक्त केंद्र के संयुक्त सहयोग से 47वीं वाहिनी मुख्यालय में आयोजित किया गया। चिकित्सकों की टीम ने आधुनिक चिकित्सा मानकों के अनुरूप रक्त संग्रहण की प्रक्रिया पूरी की।

रक्तदान से पहले सभी जवानों का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया, जिसके बाद योग्य पाए गए जवानों ने स्वेच्छा से रक्तदान किया। कार्यक्रम के दौरान 47वीं वाहिनी के दौरे पर पहुंचीं मीनू चौधरी, महानिरीक्षक, बल मुख्यालय, एसएसबी, नई दिल्ली ने शिविर का निरीक्षण किया। उन्होंने रक्तदान करने वाले जवानों से मुलाकात कर उनका उत्साहवर्धन किया तथा उन्हें फल एवं जूस भेंट किए। उन्होंने कहा कि रक्तदान केवल एक सामाजिक सेवा नहीं, बल्कि मानव जीवन बचाने का सबसे बड़ा माध्यम है। एक यूनिट रक्त कई गंभीर मरीजों के लिए जीवनदान साबित हो सकता है।

उन्होंने एसएसबी जवानों के सेवा भाव और मानवीय सोच की सराहना करते हुए कहा कि सीमा की सुरक्षा के साथ-साथ समाज के प्रति ऐसी जिम्मेदारियां निभाना एसएसबी की उत्कृष्ट कार्यसंस्कृति को दर्शाता है। इस अवसर पर हरी प्रकाश, उप महानिरीक्षक, क्षेत्रक मुख्यालय एसएसबी, बेतिया ने भी रक्तदाताओं का उत्साहवर्धन किया और कहा कि स्वैच्छिक रक्तदान से बड़ा कोई दान नहीं है। इससे न केवल जरूरतमंद मरीजों को समय पर रक्त उपलब्ध होता है, बल्कि रक्तदाता के स्वास्थ्य पर भी सकारात्मक प्रभाव पड़ता है।

कार्यक्रम में डॉ. निशि कान्त, कमांडेंट (चिकित्सा), संजय रावत, द्वितीय कमान अधिकारी, डॉ. नीरज कुमार, डॉ. ज्ञानेंद्र कुमार सहित चिकित्सकों की टीम ने रक्त संग्रहण की पूरी प्रक्रिया का सफल संचालन किया। शिविर के दौरान सभी आवश्यक चिकित्सीय मानकों का पालन किया गया, जिससे रक्तदाताओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो।

रक्तदान शिविर में स्थानीय प्रिंट एवं इलेक्ट्रॉनिक मीडिया के प्रतिनिधि भी मौजूद थे। उन्होंने इस सामाजिक पहल को सराहनीय बताते हुए कहा कि एसएसबी द्वारा समय-समय पर आयोजित ऐसे कार्यक्रम समाज में रक्तदान के प्रति सकारात्मक संदेश देते हैं और लोगों को इस महादान के लिए प्रेरित करते हैं।कार्यक्रम के समापन पर सभी रक्तदाताओं को प्रमाण-पत्र देकर सम्मानित किया गया।

anand prakash

Related articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

चोरी करने से बेहतर है खुद की कंटेंट बनाओ! You cannot copy content of this page