हरसिद्धि थाना के दारोगा त्रिवेणी राम का निधन, पुलिस महकमे में शोक
-पुलिस लाइन मे मृत दारोगा को दी गई सलामी
हरसिद्धि। थाना में पदस्थापित दारोगा त्रिवेणी राम का सोमवार की रात निधन हो गया। उनके आकस्मिक निधन से पुलिस विभाग में शोक की लहर दौड़ गई है। बताया जाता है कि वे गोपालगंज जिले के गोपालपुर के निवासी थे और महज करीब 10 दिन पहले ही हरसिद्धि थाना में योगदान दिए थे।
मिली जानकारी के अनुसार, सोमवार की देर रात अचानक उनकी तबीयत बिगड़ गई। उन्हें सांस लेने में काफी दिक्कत होने लगी, जिसके बाद आनन-फानन में उन्हें इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) ले जाया गया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें बेहतर इलाज के लिए मोतिहारी सदर अस्पताल रेफर कर दिया। हालांकि, दुर्भाग्यवश अस्पताल ले जाने के दौरान ही रास्ते में उनका निधन हो गया। निधन की खबर मिलते ही पुलिस महकमे में शोक की लहर फैल गई।
मंगलवार को उनके शव का पोस्टमार्टम कराने के बाद पुलिस लाइन में उन्हें सम्मानपूर्वक अंतिम सलामी दी गई। इस दौरान बड़ी संख्या में पुलिस अधिकारी और जवान मौजूद रहे। सभी ने नम आंखों से उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। थानाध्यक्ष सुनील कुमार ने बताया कि त्रिवेणी राम एक ईमानदार और कर्तव्यनिष्ठ पदाधिकारी थे। उनके असमय निधन से विभाग को अपूरणीय क्षति हुई है।

