तुरकौलिया में गांजा बेचते किराना दुकानदार गिरफ्तार
मोतिहारी। तुरकौलिया थाना क्षेत्र अंतर्गत जयसिंहपुर खिरवा बाजार में पुलिस ने छापेमारी कर गांजा बेचते एक किराना दुकानदार को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान अतुल कुमार के रूप में की गई है।
पुलिस ने उसके कब्जे से गांजा समेत नकदी भी बरामद की है। मिली जानकारी के अनुसार, थाना की गश्ती टीम में शामिल एसआई निभा कुमारी को गुप्त सूचना मिली थी कि जयसिंहपुर खिरवा बाजार स्थित एक गुमटी में अवैध मादक पदार्थ की बिक्री की जा रही है।
सूचना मिलते ही पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची। पुलिस को देखते ही गुमटी में मौजूद एक व्यक्ति भागने का प्रयास करने लगा। संदेह के आधार पर पुलिस ने उसे खदेड़कर पकड़ लिया।इस दौरान पुलिस ने 16 छोटे-छोटे प्लास्टिक की पन्नियों में रखे गांजा जैसा पदार्थ बरामद किया गया। इसके अलावा 2570 रुपये नकद भी जब्त किए गए। पूछताछ के दौरान आरोपी ने स्वीकार किया कि बरामद नकदी गांजा बेचने से प्राप्त हुई है।
थानाध्यक्ष रंजीत कुमार ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी के खिलाफ विधिसम्मत कार्रवाई की जा रही है।

