यूपी के स्वर्ण व्यवसायी से मारपीट कर 19 लाख छीनने वाला इनामी पूर्व मुखिया गिरफ्तार
-डीएसपी के नेतृत्व में पुलिस ने साहेबगंज से किया गिरफ्तार
मोतिहारी। सस्ता सोना बेंचने का झांसा देकर उत्तर प्रदेश के जौनपुर के स्वर्ण व्यवसायी से मारपीट कर 19 लाख रुपये नकदी छीनने के मामले में वांटेड सात हजार के इनामी साहेबगंज अंतर्गत माधोपुर हजारी के पूर्व मुखिया अनिल राय को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया।
अरेराज डीएसपी रवि कुमार के नेतृत्व में गोविन्दगंज थाना पुलिस ने गिरफ्तार किया है। एसपी एसपी स्वर्ण प्रभात ने फरार अनिल राय पर सात हजार रुपये का इनाम घोषित किया था। जानकारी के अनुसार गिरफ्तार मुखिया अपने गांव पर उतर प्रदेश के स्वर्ण व्यवसायी को एक करोड़ रुपये का सोने बेंचने के बहाने बुलाया था।
पुलिस के अनुसार साहेबगंज निवासी चंदन सिंह ने यूपी के जौनपुर जिले के मूंगड़ा बादशाहपुर थाना क्षेत्र निवासी मोहन गुप्ता से सोना बेंचने के लिए संपर्क किया था। चंदन ने मोहन गुप्ता को सस्ते दाम पर सोना बेंचने का झांसा दिया। दोनों के बीच करीब एक करोड़ रुपये के सोने का सौदा तय हुआ। इसके बाद व्यापारी मोहन गुप्ता अपने दो साथियों के साथ 19 लाख रुपये नकदी लेकर अरेराज पहुंचे। चंदन ने उन्हें अरेराज में ही बुलाया था।
साजिश के तहत आरोपित व्यापारियों को रढ़िया गांव निवासी अमरेश पांडेय के घर ले गए। वहां उनसे 19 लाख रुपये नकदी छीन लिए। विरोध करने पर उनकी पिटाई की और वहां से भगा दिया। इसके बाद पीड़ित व्यवसायी ने गोविन्दगंज थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई थी। प्राथमिकी दर्ज होते ही एसपी स्वर्ण प्रभात के निर्देश पर अरेराज डीएसपी रवि कुमार के नेतृत्व में गोविन्दगंज थाना अध्यक्ष राजू कुमार मिश्र की एक टीम का गठन किया गया।
टीम ने त्वरित कारवाई करते हुए इस मामले में सुरेंद्र दास, रढ़िया गांव के अमरेश पांडेय और मुजफ्फरपुर के साहेबगंज निवासी चंदन सिंह को पहले ही गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दी है। पुलिस ने व्यवसायी से छीने गये रुपये व नकली सोना का बिस्कुट भी जप्त किया था। कांड में पांच अन्य अज्ञात लोगों की संलिप्तता सामने आ रही है, फलस्वरूप पुलिस जांच में जुटी है।

