आरोग्य चैरिटेबल ट्रस्ट की ओर आयोजित से निःशुल्क जांच शिविर में 105 मरीजों की हुई जांच
रक्सौल। ग्रामीण क्षेत्रों तक बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाने के उद्देश्य से आरोग्य चैरिटेबल ट्रस्ट, लक्ष्मीपुर, रक्सौल द्वारा “हर घर हो स्वस्थ, हर घर हो निरोग” अभियान के तहत निःशुल्क महा स्वास्थ्य जांच शिविर का आयोजन रामगढ़वा प्रखंड के दुर्गा नगर, खरकटवा स्थित राज हेल्थ केयर में किया गया।
शिविर का उद्घाटन रामगढ़वा प्रखंड विकास पदाधिकारी राकेश कुमार सिंह, पूर्व सिविल सर्जन एवं ट्रस्ट के संरक्षक डॉ. जितेंद्र प्रसाद तथा पूर्व मुखिया संजय पांडेय ने फीता काटकर किया। इस अवसर पर आरोग्य चैरिटेबल ट्रस्ट के सचिव एवं मेडिकल ऑफिसर डॉ. मनीष ने बताया कि ट्रस्ट पिछले लगभग 15 वर्षों से ग्रामीण क्षेत्रों में निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर आयोजित करते आ रहा है। इस वर्ष संस्था ने इसे “निःशुल्क महा स्वास्थ्य जांच अभियान” के रूप में शुरू किया है, जिसके अंतर्गत पूरे वर्ष में 150 से अधिक निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर आयोजित किए जाएंगे।
अभियान का मुख्य उद्देश्य है कि “कोई भी व्यक्ति पैसे के अभाव में इलाज से वंचित न रहे।” शिविरों में निःशुल्क चिकित्सकीय परामर्श, रक्तचाप जांच, रक्त शर्करा जांच, ईसीजी जांच तथा संचारी एवं गैर-संचारी रोगों के प्रति जागरूकता प्रदान की जा रही है। विशेष रूप से उच्च रक्तचाप एवं मधुमेह जैसे ‘साइलेंट किलर’ रोगों तथा उनसे होने वाली जटिलताओं जैसे हार्ट अटैक, स्ट्रोक, किडनी खराब होना एवं दृष्टि क्षति के प्रति लोगों को जागरूक किया जा रहा है। डॉ. मनीष ने घोषणा किया कि प्रत्येक सोमवार सुबह 8:00 बजे से 10:00 बजे तक इसी स्थान पर पूरे वर्ष निःशुल्क स्वास्थ्य जांच शिविर लगाया जाएगा। शिविर में आने वाले मरीजों को पूरे वर्ष निःशुल्क स्वास्थ्य परामर्श, रक्तचाप, शुगर तथा हृदय रोगियों के लिए निःशुल्क ईसीजी जांच की सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी।
आयोजित शिविर में लगभग 105 लोगों का निःशुल्क स्वास्थ्य परीक्षण एवं रक्तचाप जांच की गई, जबकि 26 लोगों की रक्त शर्करा जांच की गई। जांच के दौरान कुछ ऐसे मरीज भी मिले जिनका ब्लड शुगर स्तर 400 से 500 के बीच था और उन्हें अपनी बीमारी की जानकारी तक नहीं थी। शिविर को सफल बनाने में पूर्व मुखिया संजय पांडेय, कुणाल पंडित, चंदन कुमार, कन्हैया कुमार सहित स्थानीय लोगों का महत्वपूर्ण योगदान रहा।

