रक्सौल में संत कबीरदास जयंती पर विचार गोष्ठी आयोजित
रक्सौल। शहर के कॉलेज रोड स्थित खेमचंद ताराचंद महाविद्यालय में संत कबीरदास जयंती के अवसर पर राष्ट्रीय सेवा योजना इकाई के तत्वावधान में एक विचार गोष्ठी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में संत कबीरदास के जीवन-दर्शन, सामाजिक समरसता, मानवता, समानता तथा उनके अमूल्य दोहों की वर्तमान समय में प्रासंगिकता पर विस्तार से विचार-विमर्श किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता हिंदी विभागाध्यक्ष डॉ. इंद्र भूषण ने की।
अपने अध्यक्षीय संबोधन में उन्होंने कहा कि संत कबीर ने जाति, पंथ और आडंबर से ऊपर उठकर मानवता, सत्य एवं प्रेम का संदेश दिया।आज के समाज में उनके विचार पहले से अधिक प्रासंगिक हैं तथा युवाओं को उनके आदर्शों को अपने जीवन में अपनाना चाहिए। कार्यक्रम का निर्देशन मनोविज्ञान विभागाध्यक्ष डॉ. जीछु पासवान ने किया। उन्होंने कहा कि संत कबीर का जीवन और उनकी शिक्षाएं सामाजिक समरसता, नैतिक मूल्यों तथा मानवीय एकता को सुदृढ़ करने की प्रेरणा देती हैं। कार्यक्रम का सफल संचालन राजनीति विज्ञान विभागाध्यक्ष एवं राष्ट्रीय सेवा योजना एनएसएस के कार्यक्रम पदाधिकारी प्रो. प्रेम प्रकाश ने किया।
उन्होंने संत कबीर के विचारों को वर्तमान सामाजिक परिवेश में अत्यंत उपयोगी बताते हुए विद्यार्थियों को उनके आदर्शों से प्रेरणा लेने का आह्वान किया। इस अवसर पर रसायन विज्ञान विभागाध्यक्ष डॉ. अमित कुमार सहित छात्र सोमेश्वर कुमार, राजन कुमार, शुभम कुमार, हर्षित कुमार, चंदन कुमार, रोहन कुमार एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। कार्यक्रम के अंत में सभी ने संत कबीर के बताए सत्य, सद्भाव, समानता और मानवता के मार्ग पर चलने तथा उनके आदर्शों को समाज में प्रसारित करने का संकल्प लिया।

