माॅनसून की पहली बारिश में ही थाना परिसर हुआ पानी-पानी, जल निकासी व्यवस्था की खुली पोल
सुगौली। सोमवार सुबह हुई माॅनसून की पहली मूसलाधार बारिश ने नगर पंचायत की जल निकासी व्यवस्था की हकीकत उजागर कर दी। महज कुछ देर की तेज बारिश में ही थाना परिसर जलमग्न हो गया, जिससे पुलिसकर्मियों, फरियादियों को पानी के बीच होकर आवागमन करना पड़ा। थाना परिसर में जलभराव का दृश्य पूरे दिन चर्चा का विषय बना रहा और लोगों ने नगर पंचायत की तैयारियों पर सवाल खड़े किए।
स्थानीय लोगों का कहना है कि हर वर्ष बरसात के मौसम में नगर के विभिन्न हिस्सों में जलजमाव की समस्या उत्पन्न होती है, लेकिन इसके स्थायी समाधान की दिशा में अब तक कोई ठोस पहल धरातल पर नहीं दिखी है। लोगों का कहना है कि यदि सरकारी कार्यालय और थाना परिसर ही सुरक्षित नहीं हैं, तो आम नागरिकों की स्थिति का सहज अंदाजा लगाया जा सकता है। थोड़ी सी बारिश में ही सड़कें और सार्वजनिक स्थल जलमग्न हो जाना नगर पंचायत की जल निकासी व्यवस्था की कमजोरियों को उजागर करता है।
मामले पर नगर पंचायत के मुख्य पार्षद पति भाई अलीहसन ने बताया कि थाना परिसर से पानी निकालने के लिए तत्काल मोटर लगाकर जल निकासी का कार्य कराया जा रहा है। उन्होंने स्वीकार किया कि स्थायी नाले के अभाव में पानी की निकासी बाधित हो जाती है, जिससे ऐसी स्थिति उत्पन्न होती है। उन्होंने जानकारी दी कि इस समस्या के स्थायी समाधान के लिए नाला निर्माण योजना स्वीकृत हो चुकी है और उसका टेंडर भी पूरा हो गया है।
जल्द ही निर्माण कार्य शुरू होने की उम्मीद है।
फिलहाल नगरवासियों की नजर अब नगर पंचायत के दावों पर टिकी है। लोगों का कहना है कि यदि नाला निर्माण समय पर शुरू होकर पूरा हो जाता है, तो हर बारिश में होने वाली जलजमाव की समस्या से स्थायी राहत मिल सकेगी।

