हथियार के साथ एक अपराधी सहित अन्य मामलों में चार गिरफ्तार
रक्सौल। पुलिस ने अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत अलग-अलग मामलों में कार्रवाई करते हुए कई आरोपितों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। थानाध्यक्ष रमेश कुमार महतो ने इसकी जानकारी देते हुए बताया कि सभी गिरफ्तारियां गुप्त सूचना और तकनीकी अनुसंधान के आधार पर की गई हैं।
उन्होंने बताया कि सूचना मिली थी कि एक व्यक्ति अवैध हथियार के साथ किसी आपराधिक वारदात की फिराक में है। इसके बाद पुलिस निरीक्षक कृष्ण मुरारी के नेतृत्व में एक टीम गठित कर छापेमारी की गई। कार्रवाई के दौरान सिसवा निवासी मुन्ना यादव (38 वर्ष), पिता गोपाल यादव को गिरफ्तार किया गया।
उसके पास से एक देशी कट्टा, दो जिंदा कारतूस और एक मोटरसाइकिल बरामद की गई। इस संबंध में रक्सौल थाना कांड संख्या 295/26 के तहत आर्म्स एक्ट में मामला दर्ज कर उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। एक अन्य कार्रवाई में रक्सौल थाना कांड संख्या 150/26 के हत्या के प्रयास मामले के प्राथमिक अभियुक्त कौड़िहार निवासी छठू यादव (45 वर्ष), पिता स्व. योगेंद्र यादव को गिरफ्तार किया गया। लंबे समय से उसकी तलाश की जा रही थी।
वहीं, रक्सौल थाना कांड संख्या 294/26 में शराब के नशे में मारपीट करने के मामले में इस्लामपुर निवासी साबीर खलीफ, पिता स्वर्गीय अब्दुल हकीम को भी पुलिस ने गिरफ्तार कर न्यायालय में प्रस्तुत किया।
इसी अभियान के दौरान गृहभेदन और चोरी के मामले में नागा रोड वार्ड संख्या-11 निवासी विराट कुमार उर्फ बब्लू (24 वर्ष), पिता जयप्रकाश गुप्ता सहित तीन विधि-विरुद्ध किशोरों को गिरफ्तार किया गया। उनके कब्जे से चोरी के 109 किलोग्राम जला हुआ तांबे का तार तथा एक एक्साइड बैटरी बरामद की गई। सभी को आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।

