पूर्वी चंपारण के 394 पंचायत में पंचायत विकास दिवस का आयोजन
-प्रभात फेरी से ‘मन की बात’ तक, पंचायत विकास दिवस पर ग्राम सभा आयोजित
– प्राप्त संसाधनों का बेहतर उपयोग कर पंचायतों के सर्वांगीण विकास के लक्ष्य बनाकर किया जाए कार्य: प्रभारी सचिव
मोतिहारी। राज्य सरकार के निर्देश के आलोक में पूर्वी चंपारण के सभी 394 पंचायतों में आज “पंचायत विकास दिवस” का आयोजन कर सभी जगह ग्राम सभा की बैठक आयोजित की गई। चकिया प्रखंड के रामगढ़ महुआवा पंचायत सरकार भवन के प्रांगण में आयोजित पंचायत विकास दिवस के अवसर पर आज जिला के प्रभारी सचिव शीर्षत कपिल अशोक, जिलाधिकारी सौरभ सुमन यादव, जिला पंचायत राज पदाधिकारी राम जनम पासवान, अनुमंडल पदाधिकारी चकिया शिवानी शुभम सहित अन्य पदाधिकारीगण ग्राम सभा में उपस्थित थे।
ग्राम सभा की अध्यक्षता पंचायत की मुखिया कबीर खातून के द्वारा किया गया। इस अवसर पर ग्राम सभा में उपस्थित जन समुदाय को संबोधित करते हुए प्रभारी सचिव ने कहा कि राज्य सरकार के द्वारा पंचायतों के सशक्तिकरण का कार्य लगातार किया जा रहा है। फलस्वरूप प्राप्त संसाधनों का बेहतर उपयोग करें एवं पंचायत के सर्वांगीण विकास के लिए कार्य करें, जिसका लाभ पंचायत के सभी लोगों को मिल सके।

प्रभारी सचिव ने कहा कि प्रत्येक माह के अंतिम रविवार के दिन पंचायत विकास दिवस का आयोजन कर ग्राम सभा की बैठक की जाएगी, जिसमें योजनाओं के चयन पर निर्णय लिया जाएगा। पंचायत के सतत विकास के लिए कुल 17 योजनाएं इसमें शामिल की गई है, इसके लिए जो थीम निर्धारित किया गया है। उसमें पहला थीम महिला हितैषी ग्राम पंचायत है, जिसके आधार पर यह ग्राम सभा का आयोजन किया गया है। उन्होंने आज की ग्राम सभा में महिलाओं की भागीदारी को देखकर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा इससे महिलाओं के द्वारा योजनाओं के चयन को प्राथमिकता मिलेगी।
बिहार सरकार के द्वारा महिला सशक्तिकरण के लिए भी लगातार कार्य किया जा रहे हैं। जिससे महिलाएं आत्मनिर्भर और स्वावलंबी बन रही हैं। प्रभारी सचिव ने कहा कि पंचायत के विकास की जिम्मेदारी आप सबकी है। योजनाओं का चयन आप लोगों को ही करना है। हम लोग केवल सुझाव दे सकते हैं, निर्णय आपको लेना है।
इस अवसर पर जिलाधिकारी सौरभ सुमन यादव ने कहा कि पंचायत के विकास के लिए राशि अब सीधे पंचायत के खाते में आता है। पंचायत समृद्ध बनेंगे तो राज्य और राष्ट्र भी समृद्ध होगा। जिला प्रशासन हर कदम पर पंचायत को सहयोग करने के लिए प्रतिबद्ध है। पंचायत के सतत विकास के लिए पंचायत विकास दिवस का आयोजन आम लोगों को जागरूक करने में सफल होगा। इससे पंचायत की योजनाओं के चयन एवं क्रियान्वयन में पारदर्शिता आएगी, जिसका लाभ सभी को मिलेगा।

उक्त अवसर पर पंचायत सचिव के द्वारा वित्तीय वर्ष 2025-26 में प्राप्त राशि और उसे किए गए कार्य का लेखा-जोखा प्रस्तुत किया गया। पंचायत सचिव ने बताया कि पिछले वित्तीय वर्ष में कुल 45 लाख रुपए की राशि विकासमंद में प्राप्त हुई थी, जिसमें 22 लाख रुपया व्यय कर कुल 15 योजनाओं को पूर्ण कराया गया है। कुछ योजनाओं पर अभी भी कार्य चल रहा है।
शेष बचे 23 लाख रुपया से उन योजनाओं को भी पूर्ण करा लिया जाएगा। पंचायत विकास की राशि से पंचायत सरकार भवन में पुस्तकालय की स्थापना साथ ही साथ छठ घाटों का निर्माण, सड़क निर्माण, पीसीसी का कार्य, विद्यालय में चारदीवारी,सोलर लाइट से संबंधित कार्य कराए गए हैं। ग्राम सभा में पंचायत के उप मुखिया,सरपंच,सभी 14 वार्ड के वार्ड मेंबर भी उपस्थित थे।
इस अवसर पर रविवार की सुबह कई पंचायतों में प्रभात फेरी के माध्यम से दीदियों ने ग्रामीणों को नशामुक्त समाज के निर्माण का संदेश दिया तथा मद्यपान के दुष्प्रभावों से अवगत कराते हुए शराबबंदी के प्रति जागरूक रहने का आह्वान किया गया। प्रभात फेरी के उपरांत जिले के सभी पंचायतों में आयोजित “प्रधानमंत्री के मासिक रेडियो कार्यक्रम मन की बात” कार्यक्रम में लोगों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया।
इस दौरान केंद्र एवं राज्य सरकार द्वारा संचालित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की विस्तृत जानकारी साझा की गई तथा पात्र लाभुकों तक योजनाओं का शत-प्रतिशत लाभ सुनिश्चित करने पर विशेष बल दिया गया।
कार्यक्रम में पंचायत प्रतिनिधियों, सरकारी पदाधिकारियों, जीविका दीदियों एवं ग्रामीणों ने सक्रिय सहभागिता निभाई। पंचायत स्तर पर विकास कार्यों की समीक्षा, जनभागीदारी बढ़ाने तथा समाज के अंतिम व्यक्ति तक सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाने को लेकर भी चर्चा की गई। जीविका दीदियों ने महिलाओं की भागीदारी बढ़ाने, नशामुक्त समाज के निर्माण तथा पंचायत विकास में अपनी सक्रिय भूमिका निभाने का संकल्प दोहराया।

