सिपाही पद पर चयन के लिए प्रशासनिक तैयारी पूरी
मोतिहारी। सिपाही के पद पर चयन हेतु प्रतियोगिता परीक्षा 24 जून (बुधवार) को जिला के कुल 11 परीक्षा केंद्र निर्धारित है। फलस्वरूप परीक्षा के सफल आयोजन को लेकर जिलाधिकारी सौरभ सुमन यादव की अध्यक्षता में समाहरणालय स्थित डॉ. राजेंद्र प्रसाद सभागार में प्रतिनियुक्त दंडाधिकारी एवं केंद्र अधीक्षकों की संयुक्त ब्रीफिंग संपन्न हुई।
बताया गया कि सिपाही के पद पर चयन हेतु जिला में कुल 11परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। उक्त परीक्षा में 7097 परीक्षार्थी शामिल होंगे। परीक्षा दो सीटिंग में ली जाएगी। पहले सीटिंग 10 बजे पूर्वाह्न से 11:30 बजे पूर्वाह्न तक तथा दूसरी सीटिंग 12 बजे मध्यान्ह से 1:30 बजे अपराह्न तक चलेगी।
जिलाधिकारी ने इस महत्वपूर्ण परीक्षा को शांतिपूर्ण, स्वच्छ, निष्पक्ष वातावरण में कदाचार मुक्त संपन्न कराने को लेकर प्रतिनियुक्ति सभी मजिस्ट्रेट एवं केंद्राधीक्षकों को सभी जरूरी निर्देश दिए।केंद्राधीक्षकों से कहा गया कि सभी परीक्षा केंद्र पर सीसीटीवी कैमरा एवं जैमर की व्यवस्था करा लें। केंद्र अधीक्षक परीक्षा केंद्रों के सभी कक्ष में घड़ी की व्यवस्था रखेंगे और समय का मिलान कर लेंगे।
सभी परीक्षा केंद्र पर बिजली की समुचित व्यवस्था, पेयजल की व्यवस्था एवं साफ सफाई पर विशेष ध्यान रखें। परीक्षा केंद्र पर प्रतिनियुक्त स्टेटिक दंडाधिकारी एवं पुलिस पदाधिकारी/पुलिस बल को निर्देश दिया गया कि 7 बजे पूर्वाह्न में अपने एलॉटेड परीक्षा केंद्र पर उपस्थित रहेंगे।
परीक्षा केंद्र में परीक्षार्थियों का प्रवेश 8: बजे पूर्वाह्न से कराया जाएगा और 9 बजे के बाद किसी भी परीक्षार्थी को परीक्षा केंद्र के अंदर प्रवेश नहीं दिया जाएगा। परीक्षार्थी परीक्षा केंद्र के अंदर एक बार प्रवेश करेंगे और दोनों सीटिंग की परीक्षा देने के उपरांत ही परीक्षा केंद्र से बाहर निकलेंगे।
परीक्षार्थियों का तीन लेयर में फ्रीस्किंग का निर्देश दिया गया।पहला मुख्य द्वार से अंदर प्रवेश के समय एवं दूसरा परीक्षा केंद्र के अंदर फ्रीस्किंग कराई जाएगी। तीसरे चरण की फ्रीस्किन परीक्षा कक्ष में कराई जाएगी। परीक्षा कक्ष में ही उन्हें लेखन कार्य के लिए पेन उपलब्ध कराया जाएगा। विधि व्यवस्था बनाए रखने के लिए पर्याप्त संख्या में सशस्त्र बल की प्रतिनियुक्ति की गई है। परीक्षा केंद्र पर ड्यूटी में प्रतिनियुक्त कर्मी/पदाधिकारी/दंडाधिकारी को अपने पास मोबाइल फोन या अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरण को रखने की अनुमति नहीं होगी।
परीक्षा केंद्र पर मीडिया के प्रवेश को वर्जित किया गया है। आपातकालीन स्थिति से निपटने के लिए जिला नियंत्रण कक्ष की स्थापना की गई है जो दूरभाष संख्या 06252-242418 पर परीक्षा के दिन कार्यरत रहेगा। संयुक्त ब्रीफिंग में अपर समाहर्ता मुकेश कुमार सिंहा, अपर समाहर्ता लोक शिकायत शैलेंद्र कुमार भारती,अपर समाहर्ता (विभागीय जांच)मो. शिबगतुल्लहा,सदर अनुमंडल पदाधिकारी निशांत सिहारा,सहायक समाहर्ता राज कृष्ण झा, सदर एसडीपीओ दिलीप कुमार,सिविल सर्जन पूर्वी चंपारण, वरीय उप समाहर्ता अमरेश कुमार, डीपीओ माध्यमिक शिक्षा नित्याम कुमार गौरव सहित प्रतिनियुक्त पदाधिकारी, पुलिस पदाधिकारी एवं सभी केंद्र अधीक्षक उपस्थित थे।

