नशामुक्त भारत अभियान के तहत शपथ ग्रहण एवं जागरूकता कार्यक्रम आयोजित
मोतिहारी। नशामुक्त भारत अभियान के अंतर्गत जिले के विभिन्न आंगनबाड़ी केंद्रों एवं जीविका समूहों के माध्यम से नशामुक्ति के प्रति जन-जागरूकता बढ़ाने के लिए शपथ ग्रहण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर आंगनबाड़ी सेविकाओं, सहायिकाओं, जीविका दीदियों एवं स्थानीय समुदाय के सदस्यों ने नशा से दूर रहने तथा समाज को नशामुक्त बनाने का संकल्प लिया।
उपस्थित प्रतिभागियों को नशीले पदार्थों के सेवन से होने वाले शारीरिक, मानसिक, सामाजिक एवं आर्थिक दुष्प्रभावों के संबंध में विस्तार से जानकारी दी गई। वक्ताओं ने बताया कि नशा व्यक्ति, परिवार एवं समाज के विकास में गंभीर बाधा उत्पन्न करता है तथा युवाओं को विशेष रूप से इसके दुष्प्रभावों से बचाने की आवश्यकता है। आंगनबाड़ी केंद्रों एवं जीविका समूहों के माध्यम से लोगों को नशे के विरुद्ध जागरूक रहने, अपने परिवार एवं आसपास के लोगों को भी नशामुक्त जीवन अपनाने के लिए प्रेरित करने का आह्वान किया गया।
प्रतिभागियों ने नशामुक्त समाज के निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने की प्रतिबद्धता व्यक्त की। जिला प्रशासन द्वारा नशा मुक्त भारत अभियान के अंतर्गत विभिन्न जागरूकता कार्यक्रमों का आयोजन निरंतर किया जा रहा है, ताकि समाज के सभी वर्गों तक नशामुक्ति का संदेश प्रभावी रूप से पहुंचाया जा सके।

