गरीबों के उजाड़ने और भूमि विवाद के खिलाफ 12 जुलाई को लेफ्ट का विशाल धरना

गरीबों के उजाड़ने और भूमि विवाद के खिलाफ 12 जुलाई को लेफ्ट का विशाल धरना
Facebook WhatsApp

लेफ्ट  नेताओं का प्रशासन पर आरोप

सुगौली। भारत की कम्युनिस्ट पार्टी (मार्क्सवादी) की सुगौली लोकल कमेटी की बैठक कामरेड एजाज उल हक की अध्यक्षता में संपन्न हुई। बैठक का संचालन लोकल कमेटी मंत्री कामरेड धनंजय पुरी ने किया,जबकि जिला मंत्री कामरेड सत्येन्द्र कुमार मिश्रा ने पर्यवेक्षक के रूप में भाग लिया।

बैठक में क्षेत्र की विभिन्न जन समस्याओं एवं संगठनात्मक मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की गई। बैठक में अंचल क्षेत्र से जुड़े कई ज्वलंत मुद्दों को उठाया गया। लोकल कमेटी के सदस्यों सरयू राम, अनूठा शर्मा, सुरेन्द्र महतो, रमेश सिंह, ललन कुमार चौधरी तथा मोहम्मद जलालुदीन ने अपने विचार रखते हुए प्रशासनिक कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए।

विशेष रूप से छपरा बहास में अतिक्रमण हटाने के नाम पर निजी भूमि पर बसे गरीब परिवारों को उजाड़ने,कोरैया निवासी विनोद झा की भूमि पर कथित रूप से दबंगों द्वारा कब्जा कराने तथा भटहां एवं पंजीअरवा के गरीब परिवारों के पुनर्वास की व्यवस्था नहीं किए जाने के मुद्दे प्रमुखता से उठाए गए। तत्पश्चात सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि इन जनसमस्याओं के समाधान की मांग को लेकर आगामी 12 जुलाई को अंचल कार्यालय, सुगौली के समक्ष धरना-प्रदर्शन आयोजित किया जाएगा।

जिला मंत्री कामरेड सत्येन्द्र कुमार मिश्रा ने कहा कि स्थानीय प्रशासन के प्रति आम लोगों का विश्वास लगातार कम होता जा रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि कुछ पदाधिकारी बिचौलियों के प्रभाव में कार्य कर भ्रष्टाचार को बढ़ावा दे रहे हैं, जिससे आम जनता परेशान है। उन्होंने प्रशासन से अपनी कार्यशैली में सुधार लाने की अपील की। वहीं लोकल कमेटी मंत्री कामरेड धनंजय पुरी ने क्षेत्रीय समस्याओं पर विस्तार से चर्चा करते हुए कहा कि पार्टी जनता के अधिकारों और न्याय की लड़ाई को आगे भी मजबूती से लड़ती रहेगी। 

anand prakash

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

चोरी करने से बेहतर है खुद की कंटेंट बनाओ! You cannot copy content of this page