अज्ञात वाहन व बाइक की टक्कर में एक की मौत, एनएच जाम
कोटवा। थाना क्षेत्र के एनएच 27 पर राजापुर मठिया चौक के समीप मंगलवार की संध्या अज्ञात वाहन और बाइक की टक्कर में एक पेंटर की मौत घटनास्थल पर ही हो गई। वही बाइक पर बैठा दूसरा व्यक्ति विजेंद्र कुमार बाल बाल बच गया।
मृतक की पहचान रघुनाथपुर थाने के मंजूराहा गांव निवासी संतोष कुमार के रूप में हुई है। वह पेंटर का काम करता था। घटना के बाद एनएच का दोनों लेन जाम हो गया है। सूचना मिलते ही डायल 112 के पदाधिकारी लक्ष्मण कुमार सगीत थाने की पुलिस घटनास्थल पर पहुंच कर स्थिति सम्भालने के प्रयास ने जुट गए। वही दुर्घटना में शामिल वाहन का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है।
जाम के कारण वाहनों की लंबी कतार लग गई है। घटनास्थल पर एनएच का एम्बुलेंस पहुंच गया है। शव को पोस्टमार्टम में भेजने की प्रक्रिया की जा रही है। पुलिस घटना के संबंध में विस्तृत जानकारी इकट्ठा कर रही है। समाचार लिखे जाने तक शव एनएच पर ही पड़ा हुआ है , जिसको लेकर स्थानीय स्तर पर विरोध किया जा रहा है , हालांकि पुलिस स्थानीय प्रबुद्धजनों के प्रयास से शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजने हेतु प्रयासरत है। ऐसे में देखना होगा कि शव को हटाने की प्रक्रिया कब सम्पन्न हो रही है।

