नहर से अज्ञात व्यक्ति का शव पुलिस ने किया बरामद
कोटवा। थाना क्षेत्र के कररिया गांव के समीप तिरहुत मेन कैनाल से शुक्रवार को पुलिस ने एक अज्ञात युवक का शव बरामद किया है। जिसकी उम्र लगभग 48 साल बताई जा रही है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल मोतिहारी भेज दिया है।
युवक के हाथ पर टैटू बना हुआ है। मिली जानकारी के अनुसार ग्रामीणों ने नहर के किनारे शव को तैरते देखा। शव की सूचना पर काफी संख्या में ग्रामीण जमा हो गए। स्थानीय लोगों ने इसकी सूचना पुलिस को दी। सूचना मिलने के बाद कोटवा पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को बरामद करते हुए मामले की जांच शुरू कर दी है।
मौके पर पहुंचे एसआई राजीव कुमार ने बताया की मृतक के पास से कोई भी ऐसा समान नहीं मिला है , जिसके आधार पर उसकी पहचान की जा सके। दोनों हाथ पर टैटू बना हुआ है। एक हाथ पर मां – पापा और दूसरे हाथ पर सुमन अंकित है। नहर में शव मिलने की घटना लोगों के बीच चर्चा का विषय बना हुआ है।
इस संबंध में थाना अध्यक्ष मुकेश कुमार ने बताया है कि प्रारंभिक तौर पर ऐसा लगता है कि व्यक्ति की डूबने से मौत हुई है। इस मामले में पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो पायेगी और मौत का वास्तविक कारण पता चल पाएगा। बहरहाल पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया है।

