सबो के लिए योग समान रूप से लाभकारीः राधामोहन 

सबो के लिए योग समान रूप से लाभकारीः राधामोहन 
Facebook WhatsApp

मोतिहारी।अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर मोतिहारी के नरसिंह बाबा मंदिर परिसर में भाजपा नगर दक्षिणी मंडल द्वारा आयोजित ‘योग शिविर’ में पूर्व केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री सह सांसद राधामोहन सिंह ने सहभागिता कर योगाभ्यास किया।

उक्त अवसर पर शिविर को संबोधित करते हुए सांसद श्री सिंह ने कहा कि योग भारत की प्राचीन सांस्कृतिक विरासत है, जो शरीर, मन और आत्मा के बीच सामंजस्य स्थापित करने का माध्यम है।

हमारे ऋषि-मुनियों ने हजारों वर्ष पूर्व योग की महत्ता को समझा और इसे मानव कल्याण का आधार बनाया। आज आधुनिक विज्ञान भी यह स्वीकार करता है कि नियमित योगाभ्यास से तनाव कम होता है, रोग में प्रतिरोधक क्षमता बढ़ती है, हृदय स्वस्थ रहता है और मानसिक शांति प्राप्त होती है।

भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रयासों से वर्ष 2014 में संयुक्त राष्ट्र महासभा ने 21 जून को अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के रूप में मनाने का प्रस्ताव स्वीकार किया। 177 देशों के अभूतपूर्व समर्थन के साथ यह प्रस्ताव पारित हुआ और 21 जून 2015 को पहला अंतरराष्ट्रीय योग दिवस मनाया गया। यह भारत की सांस्कृतिक शक्ति और विश्व कल्याण की भावना का प्रतीक है।

आज पूरी दुनिया योग के महत्व को स्वीकार कर रही है। अमेरिका, यूरोप, एशिया,अफ्रीका और ऑस्ट्रेलिया सहित विश्व के लगभग सभी देशों में करोड़ों लोग योग को अपने दैनिक जीवन का हिस्सा बना चुके हैं। यह भारत के लिए गर्व का विषय है कि हमारी प्राचीन ज्ञान परंपरा आज वैश्विक स्वास्थ्य आंदोलन का आधार बन रही है।

 

वर्तमान समय में बदलती जीवनशैली, तनाव, प्रदूषण और अनेक स्वास्थ्य चुनौतियों के बीच योग की आवश्यकता पहले से कहीं अधिक बढ़ गई है। योग न केवल बीमारियों से बचाव करता है, बल्कि व्यक्ति को सकारात्मक सोंच, आत्मविश्वास और अनुशासन भी प्रदान करता है। विशेष रूप से युवाओं के लिए योग अत्यंत महत्वपूर्ण है।

यह एकाग्रता बढ़ाता है, मानसिक संतुलन बनाए रखता है और जीवन के लक्ष्यों को प्राप्त करने में सहायता करता है। विद्यार्थियों, किसानों, महिलाओं, कर्मचारियों तथा वरिष्ठ नागरिकों, सभी के लिए योग समान रूप से लाभकारी है। श्री सिंह ने सभी से आग्रह किया कि प्रतिदिन कम से कम 30 मिनट योग के लिए अवश्य निकालें और “करें योग, रहें निरोग” के मंत्र को अपने जीवन में उतारें। उक्त अवसर पर उप महापौर डॉ. लालबाबू प्रसाद, भाजपा महिला मोर्चा जिलाध्यक्ष नीता शर्मा, उपाध्यक्ष मीना मिश्रा, डॉ० हेना चंद्रा, संजू निषाद, मंडल अध्यक्ष राजू वर्मा सहित अन्य लोग मौजूद थे।

anand prakash

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

चोरी करने से बेहतर है खुद की कंटेंट बनाओ! You cannot copy content of this page