डीएम व नगर आयुक्त ने छठ घाटों का निरीक्षण किया, साफ सफाई के दिए निर्देश
मोतिहारी। लोक आस्था के महापर्व छठ पूजा के मद्देनजर श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षा एवं स्वच्छता को प्राथमिकता देते हुए महापौर प्रीति कुमारी और नगर निगम मोतिहारी के नगर आयुक्त आशीष कुमार जी के द्वारा नगर निगम मोतिहारी क्षेत्र के विभिन्न वार्डों में स्थित छठ घाटों का निरीक्षण किया जा रहा है। इस दौरान स्थानीय निगम पार्षदगण भी उपस्थित थे। निरीक्षण के क्रम में महापौर ने छठ घाटों की साफ-सफाई, कचरा निष्पादन एवं श्रद्धालुओं के लिए उपलब्ध कराई जा रही मूलभूत सुविधाओं का अवलोकन किया । उन्होंने संबंधित अधिकारियों एवं कर्मियों को निर्देश दिया कि छठ पूजा से पूर्व सभी घाटों की साफ-सफाई एवं आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाएं, ताकि छठ व्रतियों एवं श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो। बता दें कि नगर निगम मोतिहारी द्वारा लोक आस्था के इस महापर्व को देखते हुए शहर के विभिन्न वार्डों में स्थित छठ घाटों पर विशेष स्वच्छता अभियान चलाया जा रहा है तथा श्रद्धालुओं की सुविधाओं को लेकर आवश्यक तैयारियां की जा रही हैं। महापौर श्रीमती गुप्ता ने कहा है कि स्वच्छता एवं जनसुविधा के प्रति नगर निगम पूरी तरह से प्रतिबद्ध है।

