अज्ञात युवती का शव बरामद,हत्या की गुत्थी सुलझाने में जुटी पुलिस
रक्सौल। हरदिया पंचायत के गम्हरिया गांव के समीप रेलवे ट्रैक के किनारे रविवार को एक अज्ञात युवती का शव मिलने से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया। शव की स्थिति अत्यंत गंभीर और संदिग्ध होने के कारण मामले को हत्या से जोड़कर देखा जा रहा है। सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण घटनास्थल पर जुट गए, वहीं पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार युवती का शव रेलवे लाइन के पास सरेह में पड़ा था। मृतका की उम्र लगभग 25 से 30 वर्ष के बीच बताई जा रही है। शव की हालत देखकर यह प्रतीत होता है कि अपराधियों ने वारदात को अंजाम देने के बाद पहचान मिटाने की कोशिश की है। युवती के चेहरे को बुरी तरह क्षतिग्रस्त कर दिया गया था, जबकि हाथ और पैर भी बंधे हुए पाए गए।
घटनास्थल की परिस्थितियां कई सवाल खड़े कर रही हैं। पुलिस को आशंका है कि युवती की हत्या कहीं और की गई और बाद में शव को सुनसान इलाके में लाकर फेंक दिया गया। हालांकि हत्या के कारणों का स्पष्ट खुलासा अभी नहीं हो सका है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों और अन्य पहलुओं पर स्थिति साफ हो पाएगी। मामले की गंभीरता को देखते हुए रक्सौल एवं पलनवा थाना की पुलिस ने संयुक्त रूप से जांच शुरू कर दी है। घटनास्थल से साक्ष्य जुटाने के लिए मोतिहारी से फॉरेंसिक साइंस लेबोरेटरी (एफएसएल) की टीम को भी बुलाया गया है। वैज्ञानिक तरीके से जांच कर पुलिस हर पहलू की पड़ताल में जुटी है।
रक्सौल थानाध्यक्ष रमेश कुमार महतो ने बताया कि शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा जा रहा है। मृतका की पहचान के प्रयास किए जा रहे हैं।

