रक्सौल में विश्व योग दिवस पर जगह-जगह योग शिविर

रक्सौल में विश्व योग दिवस पर जगह-जगह योग शिविर
Facebook WhatsApp

-हजारों लोगों ने किया योगाभ्यास

रक्सौल। 12वें विश्व योग दिवस के अवसर पर रविवार को रक्सौल एवं सीमावर्ती क्षेत्रों में विभिन्न सामाजिक, प्रशासनिक एवं सामाजिक संस्थाओं द्वारा योग शिविरों का आयोजन किया गया। भारत विकास परिषद एवं भारतीय भूमि पत्तन प्राधिकरण के संयुक्त तत्वावधान में आईसीपी परिसर में आयोजित योग शिविर में सैकड़ों लोगों ने सामूहिक योगाभ्यास किया।

कार्यक्रम का उद्घाटन आईसीपी प्रशासक कुमार राजीव रंजन, एसएसबी के असिस्टेंट कमांडेंट अम्बरीष चौबे, योग प्रशिक्षक चन्देश्वर प्रसाद साह एवं भारत विकास परिषद शाखा – रक्सौल के अध्यक्ष रजनीश प्रियदर्शी सहित अन्य अतिथियों ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर किया।

वहीं भारत के महावाणिज्य दूतावास, वीरगंज द्वारा शंकराचार्य गेट पर आयोजित अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस समारोह में मधेश प्रदेश के मुख्यमंत्री कृष्ण प्रसाद यादव सहित कई मंत्री, जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में नागरिक शामिल हुए। कार्यक्रम में योग विद्यार्थियों ने आकर्षक योग प्रदर्शन प्रस्तुत किया।

दूसरी ओर 47वीं वाहिनी सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) द्वारा कमांडेंट संजय पाण्डेय के मार्गदर्शन में वाहिनी मुख्यालय एवं सभी सीमा चौकियों पर “स्वस्थ आयु के लिए योग” थीम के तहत योगाभ्यास कराया गया। कार्यक्रम में एसएसबी जवानों, परिवारजनों, सीमावर्ती ग्रामीणों एवं नेपाल के एपीएफ कर्मियों ने भाग लिया। श्री सत्यनारायण मारवाड़ी पंचायती मंदिर परिसर में भी आर्ट ऑफ लिविंग के योग प्रशिक्षकों कृष्णा कुमार भरतिया एवं अनुप्रिया मेवाड़ा के नेतृत्व में योग शिविर आयोजित किया गया। इसमें पुरुषों, महिलाओं एवं बच्चों ने भाग लेकर योग के महत्व एवं स्वास्थ्य लाभों की जानकारी प्राप्त की।

सभी कार्यक्रमों में वक्ताओं ने योग को स्वस्थ, संतुलित एवं तनावमुक्त जीवन का आधार बताते हुए इसे दैनिक दिनचर्या में शामिल करने का आह्वान किया।

anand prakash

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

चोरी करने से बेहतर है खुद की कंटेंट बनाओ! You cannot copy content of this page