तमिलनाडु की सीफूड फैक्ट्री में अमोनिया गैस लीक, सात महिलाओं समेत 10 मजदूरों की मौत

तमिलनाडु की सीफूड फैक्ट्री में अमोनिया गैस लीक, सात महिलाओं समेत 10 मजदूरों की मौत
Facebook WhatsApp

चेन्नई। पेरियापालयम के पास स्थित एक फैक्टरी में अमोनिया गैस रिसाव होने से सात महिलाओं समेत 10 मजदूरों की मौत हो गई है। महिलाओं की मौत पहले ही हो गई, लेकिन चेन्नई के स्टेनली अस्पताल में तीन और मजदूरों की मौत होने से अब इस हादसे में मरने वालों की संख्या 10 हो गई है।तमिलनाडु सरकार की ओर से मृतकों के परिजनों को 2 लाख रुपये की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की गई है। साथ ही अस्पतालों में भर्ती कर्मचारियों के इलाज की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा गया है।

तिरुवल्लूर जिले के पेरियापालयम के पास एक झींगा प्रसंस्करण (श्रिम्प प्रोसेसिंग) फैक्ट्री संचालित हो रही है। इसमें बड़ी संख्या में श्रमिक कार्यरत हैं। इसी दौरान 21 जून की सुबह जब श्रमिक काम कर रहे थे, तभी अचानक अमोनिया गैस का रिसाव हो गया। इसके कारण कई श्रमिकों को सांस लेने में तकलीफ होने लगी। अमोनिया गैस रिसाव से प्रभावित होकर 7 महिलाओं की मौत हो गई। इसके बाद अमोनिया गैस रिसाव के कारण 45 से अधिक श्रमिक बेहोश हो गए। उन्हें तत्काल बचाकर मंजंगरनै क्षेत्र के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया।

जिला कलेक्टर एस. कविता ने बताया कि 46 मरीजों को वेल्स हॉस्पिटल और 21 मरीजों को वेंकटेश्वरा हॉस्पिटल में एडमिट करवाया गया है। इनमें से नौ गंभीर मरीजों को बेहतर उपचार के लिए एम्बुलेंस के जरिए चेन्नई के सरकारी स्टेनली मेडिकल कॉलेज अस्पताल भेजा गया है। बेहोश हुए कुछ लोगों के मुंह और नाक से खून भी बह रहा था। अस्पताल में उपचार के दौरान 2 श्रमिकों सहित कुल 3 लोगों की मौत हो गई। वर्तमान में कुछ लोग चेन्नई के स्टेनली अस्पताल में भी उपचार प्राप्त कर रहे हैं।

तमिलनाडु के राज्यपाल राजेंद्र विश्वनाथ आर्लेकर ने शोक व्यक्त करते हुए कहा कि इस दुखद घटना में अपने प्रियजनों को खोने वाले परिवारों के प्रति मैं अपनी गहरी संवेदना व्यक्त करता हूं। इस कठिन समय में उन्हें आवश्यक मानसिक शक्ति और साहस प्राप्त हो, इसके लिए मैं प्रार्थना करता हूं। साथ ही उपचाराधीन सभी घायलों के शीघ्र स्वस्थ होकर पूर्ण स्वास्थ्य लाभ प्राप्त करने की भी मैं कामना करता हूं।

इस आपात स्थिति की सूचना तत्काल अरक्कोनम स्थित राष्ट्रीय आपदा प्रतिक्रिया बल (एनडीआरएफ) के मुख्यालय को दी गई। चेन्नई से 30 सदस्यीय राष्ट्रीय आपदा प्रतिक्रिया दल, व्यक्तिगत सुरक्षा उपकरण, गैस का पता लगाने वाले यंत्र तथा विशेष बचाव उपकरणों के साथ घटनास्थल पर पहुंचा और बचाव एवं रोकथाम संबंधी कार्य शुरू किए। वहां राहत एवं बचाव कार्य लगातार जारी है। इस घटना से पूरे क्षेत्र में भारी सनसनी फैल गई है। इस बीच, अमोनिया गैस रिसाव से प्रभावित होकर वेल्स अस्पताल में उपचार प्राप्त कर रहे लोगों से मंत्री कुमार ने मुलाकात की और उन्हें सांत्वना दी।

anand prakash

Related articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

चोरी करने से बेहतर है खुद की कंटेंट बनाओ! You cannot copy content of this page