जदयू राष्ट्रीय परिषद ने नीतीश कुमार के राष्ट्रीय अध्यक्ष पद का किया अनुमोदन
पटना। जनता दल यूनाइटेड (जदयू) की राष्ट्रीय परिषद और राज्य परिषद की महत्वपूर्ण बैठक रविवार को राजधानी पटना स्थित पार्टी के प्रदेश कार्यालय में आयोजित की गई। बैठक में राष्ट्रीय परिषद ने सर्वसम्मति से बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के निर्विरोध राष्ट्रीय अध्यक्ष चुने जाने का अनुमोदन किया।इस दौरान संगठन की मजबूती, आगामी चुनावी रणनीति तथा पार्टी के विस्तार को लेकर विस्तृत चर्चा की गई।
बैठक के बाद पार्टी के वरिष्ठ नेता और उपमुख्यमंत्री विजय कुमार चौधरी ने कहा कि जदयू के लिए यह गौरव और प्रसन्नता का विषय है कि पार्टी के सर्वमान्य नेता नीतीश कुमार एक बार फिर राष्ट्रीय अध्यक्ष बने हैं। उन्होंने बताया कि राष्ट्रीय परिषद की बैठक में उनके निर्वाचन का औपचारिक अनुमोदन किया गया। इससे पूरे संगठन और कार्यकर्ताओं में उत्साह का माहौल है तथा पार्टी को नई ऊर्जा मिली है।
उन्होंने कहा कि रविवार को आयोजित राज्य परिषद और राष्ट्रीय परिषद की बैठकों में स्वास्थ्य मंत्री निशांत कुमार की सक्रिय भागीदारी भी चर्चा का विषय रही। निशांत कुमार ने दोनों बैठकों में बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया, जिससे कार्यकर्ताओं के बीच सकारात्मक संदेश गया है। उनके सक्रिय होने से संगठनात्मक गतिविधियों को नई गति मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।
प्रदेश के मद्य निषेध, उत्पाद एवं निबंधन मंत्री मदन सहनी ने कहा कि उमेश सिंह कुशवाहा को लगातार तीसरी बार जदयू का प्रदेश अध्यक्ष चुना गया है। साथ ही राष्ट्रीय परिषद ने सर्वसम्मति से नीतीश कुमार के राष्ट्रीय अध्यक्ष पद का अनुमोदन किया है। उन्होंने कहा कि यह निर्णय पार्टी की एकजुटता और नेतृत्व के प्रति विश्वास को दर्शाता है।
मदन सहनी ने कहा कि पार्टी ने यह संकल्प लिया है कि नीतीश कुमार के नेतृत्व में बिहार में हुए विकास कार्यों, जनकल्याणकारी योजनाओं और सुशासन के मॉडल को जन-जन तक पहुंचाया जाएगा। इसके लिए पार्टी के नेता और कार्यकर्ता राज्य के सभी जिलों का दौरा करेंगे, लोगों से संवाद स्थापित करेंगे और संगठन को और अधिक मजबूत बनाएंगे।
उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य मंत्री निशांत कुमार के नेतृत्व में भी संगठनात्मक कार्यक्रमों को आगे बढ़ाया जाएगा। पार्टी कार्यकर्ता उनके साथ बिहार के विभिन्न हिस्सों का भ्रमण करेंगे और सरकार की उपलब्धियों को जनता तक पहुंचाने का काम करेंगे। साथ ही सदस्यता अभियान को गति देने और बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत बनाने पर विशेष जोर दिया जाएगा।
इससे पहले जदयू के राष्ट्रीय अध्यक्ष नीतीश कुमार बैठक में भाग लेने के लिए पार्टी कार्यालय पहुंचे। उनके आगमन की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में कार्यकर्ता परिसर में जुट गए। कार्यकर्ताओं ने गुलाब के फूलों की टोकरियों के साथ उनका भव्य स्वागत किया और उनकी गाड़ी पर फूलों की वर्षा की। ढोल-नगाड़ों की गूंज और नारों के बीच पूरे परिसर में उत्सव जैसा माहौल बन गया।
पार्टी कार्यालय के बाहर और भीतर कार्यकर्ता हाथों में जदयू के झंडे लिए नारेबाजी करते रहे। कई कार्यकर्ता ढोल-नगाड़ों की थाप पर झूमते दिखाई दिए। नीतीश कुमार के समर्थन में लगाए जा रहे नारों से पूरा परिसर गूंज उठा और कार्यकर्ताओं का उत्साह देखते ही बन रहा था।
बैठक में दोनों उपमुख्यमंत्री विजय कुमार चौधरी और बिजेंद्र यादव के अलावा केंद्रीय मंत्री राजीव रंजन सिंह उर्फ ललन सिंह, स्वास्थ्य मंत्री निशांत कुमार, प्रदेश अध्यक्ष उमेश सिंह कुशवाहा, ग्रामीण विकास मंत्री श्रवण कुमार, भवन निर्माण मंत्री चंदेश्वर चंद्रवंशी, कार्यकारी राष्ट्रीय अध्यक्ष संजय झा सहित पार्टी के कई वरिष्ठ नेता, पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
बैठक के दौरान एक भावनात्मक दृश्य भी देखने को मिला, जब मंच पर पहुंचने के बाद स्वास्थ्य मंत्री निशांत कुमार ने नीतीश कुमार के चरण स्पर्श कर उनका आशीर्वाद लिया। इस अवसर पर मौजूद कार्यकर्ताओं ने तालियां बजाकर उनका स्वागत किया।
बैठक में संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने, सदस्यता अभियान को तेज करने तथा आगामी चुनावों को लेकर कार्यकर्ताओं को सक्रिय भूमिका निभाने का संदेश दिया गया। नेताओं ने विश्वास व्यक्त किया कि नीतीश कुमार के नेतृत्व में जदयू आने वाले समय में संगठनात्मक और राजनीतिक रूप से और अधिक मजबूत होकर उभरेगी तथा जनता के बीच अपनी पकड़ को और सुदृढ़ करेगी।

