सरकार की विफलताओं के खिलाफ कांग्रेस का पुतला दहन एवं धरना
मोतिहारी। ई. शशि भूषण राय, उर्फ गप्पू राय, अध्यक्ष, जिला कॉग्रेस कमिटी की अध्यक्षता में सामाहरणालय के समक्ष देश में नीट समेत कई परीक्षाओ में व्यापक अनियमितता,बेरोजगारी, महंगाई एवं युवाओ के भविष्य के साथ किये जा रहे खिलवाड़ के खिलाफ धरना प्रदर्शन के साथ ही पुतला दहन किया गया। मौके पर श्री राय ने कहा कि देश में गंभीर शिक्षा और रोजगार का संकट, भ्रष्टाचार और सरकार के विफलता ने शिक्षा व्यवस्था के हर स्तर को जकड़ लिया है।
फलस्वरूप खमियाजा हमारे देश के युवाओं को भुगतनी पड़ रही है। अक्सर पेपर लीक होना, परीक्षाओ का अचानक रद्द होना, छात्रो को दुबारा परीक्षा के लिए मजबूर करना, भर्ती प्रक्रिया में देरी और बढ़ती बेरोजगारी सरकार के विफलताओ को दर्शाता है। छात्रो के बीच निराशा, तनाव और असुरक्षा का माहौल पैदा हो रहा है, जिससे छात्रो के आत्महत्याओ की घटनाओं में वृद्धि हो रही है।
ऐसी गंभीर स्थिति के बावजूद भी शिक्षा मंत्री, गृह मंत्री तथा प्रधानमंत्री इस महत्वपूर्ण मुद्दे पर चुपी साधे हुए है। वहीं सांसद -सह- नेता प्रतिपक्ष गांधी के नेतृत्व में देश में हो रहे अन्याय के खिलाफ लड़ने का अह्वान किया। कार्यकर्ताओ से कहा कि इस संबंध में अभियान चलाकर छात्रो की चिन्ताओ को प्रभावी ढ़ंग से जनता तक पहुंचाना है तथा वर्तमान शिक्षा एवं परीक्षा प्रणाली की विफलताओ को उजगार करना है।
इस मुहिम को आगे बढ़ाते हुए प्रखंड मुख्यालयो में विरोध प्रदर्शन एवं पुतला दहन कार्यक्रम 21 से 30 जून के बीच आयोजित किया जायेगा जिसमें सभी कॉग्रेस पदाधिकारियो, संगठनो, प्रकोष्ठो, कार्यकर्ताओं तथा आम जनता की व्यापक भागीदारी सुनिश्चित की जायेगी। कार्यक्रम में प्रो. विजय शंकर पांडेय, शैलेन्द्र कुमार सिंह, मधुरेन्द्र कुमार सिंह, ब्रजेन्द्र कुमार तिवारी, रामप्रवेश तिवारी, नन्द कुमार चौबे, चन्द्रबली पांडेय, प्रिंस मिश्रा, हरी किशोर पटेल, राज कुमार सहित अन्य सैकड़ो लोग उपस्थित थे।

