कम तेल की थाली, भारत की खुशहाली संदेश नहीं, बल्कि आत्मनिर्भर भारत निर्माण का संकल्पः राधा मोहन
मोतिहारी। शहर स्थित एक रिसोर्ट में भाजपा महिला मोर्चा द्वारा आयोजित “कम तेल की थाली- भारत की खुशहाली” कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सांसद पूर्व केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री राधा मोहन सिंह ने कहा कि “कम तेल की थाली, भारत की खुशहाली” कार्यक्रम केवल एक स्वास्थ्य संबंधी संदेश नहीं, बल्कि एक स्वस्थ, समृद्ध और आत्मनिर्भर भारत के निर्माण का संकल्प है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देशभर में स्वस्थ जीवनशैली, फिटनेस और पोषण के प्रति जन-जागरूकता बढ़ाने के अनेक प्रयास किए जा रहे हैं। “फिट इंडिया”, “ईट राइट इंडिया” और “पोषण अभियान” जैसी पहल इसी दिशा में महत्वपूर्ण कदम हैं। हम सभी जानते हैं कि बदलती जीवनशैली और खान-पान की आदतों के कारण हृदय रोग, उच्च रक्तचाप, मधुमेह, मोटापा और अन्य गैर-संचारी रोग तेजी से बढ़ रहे हैं। इन बीमारियों के प्रमुख कारणों में अत्यधिक तेल, वसा और असंतुलित आहार का सेवन भी शामिल है।
स्वस्थ जीवन के लिए आवश्यक है कि हम संतुलित भोजन को अपनाएं और अपने दैनिक आहार में तेल की मात्रा को नियंत्रित रखें। अधिक तेल का सेवन न केवल हमारे शरीर के लिए हानिकारक है, बल्कि यह हमारे स्वास्थ्य पर दीर्घकालिक नकारात्मक प्रभाव भी डालता है। इसलिए आज आवश्यकता है कि हम स्वाद के साथ-साथ स्वास्थ्य को भी प्राथमिकता दें।
“कम तेल की थाली” का अर्थ स्वाद से समझौता करना नहीं है, बल्कि स्वस्थ जीवनशैली को अपनाना है। यदि हम अपने भोजन में ताजी सब्जियां, फल, दालें, मोटे अनाज और संतुलित मात्रा में तेल का उपयोग करें, तो हम स्वयं को अनेक बीमारियों से बचा सकते हैं। यह अभियान केवल व्यक्तिगत स्वास्थ्य तक सीमित नहीं है। जब देश का नागरिक स्वस्थ होगा, तभी देश की उत्पादकता बढ़ेगी, स्वास्थ्य पर होने वाला अनावश्यक खर्च कम होगा और राष्ट्र की प्रगति को नई गति मिलेगी। इसलिए यह अभियान वास्तव में “भारत की खुशहाली” से जुड़ा हुआ है।
इस अवसर पर सभी लोगों ने यह संकल्प लिया कि “अपने-अपने भोजन में तेल की मात्रा को संतुलित रखेंगे, जंक फूड और अत्यधिक तले हुए खाद्य पदार्थों से बचेंगे, नियमित व्यायाम और योग को जीवन का हिस्सा बनाएंगे, अपने परिवार और समाज को भी स्वस्थ खान-पान के प्रति जागरूक करेंगे।
” उन्होंने कहा कि:- यदि हर परिवार स्वास्थ्य के प्रति जागरूक होगा, तो हमारा समाज स्वस्थ होगा, और जब समाज स्वस्थ होगा, तभी भारत खुशहाल और विकसित बनेगा।कार्यक्रम में भारी संख्या में महिला मोर्चा की महिलाओं ने अपने अपने घर से बिना तेल/कम तेल का अनेक प्रकार के व्यंजन बनाकर लायी थीं।
इस अवसर पर पूर्व मंत्री सह विधायक प्रमोद कुमार, भाजपा जिलाध्यक्ष पवन राज, डिप्टी मेयर डॉ. लालबाबू प्रसाद, महिला मोर्चा प्रदेश पदाधिकारी संगीता चित्रांश, महिला मोर्चा जिलाध्यक्ष नीता शर्मा, उपाध्यक्ष मीना मिश्रा, पूर्व जिलाध्यक्ष प्रमोद शंकर सिंह, डॉ. हेना चंद्रा सहित भारी संख्या में महिलाएं मौजूद रही। जानकारी गुलरेज शहजाद जिला मीडिया प्रभारी भाजपा ने दी है।

