प्रखंड सहयोग-सह-जन कल्याण शिविर में ऑन द स्पॉट 61 मामलों का निष्पादन
रक्सौल। सरकारी योजनाओं और सेवाओं का लाभ एक ही स्थान पर उपलब्ध कराने के उद्देश्य से प्रखंड परिसर में आयोजित प्रखंड सहयोग-सह-जन कल्याण शिविर में बड़ी संख्या में लोगों ने भाग लिया। शिविर में विभिन्न विभागों से संबंधित कुल 83 आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें से 61 आवेदनों का ऑन-द-स्पॉट निष्पादन कर दिया गया।
शेष आवेदनों पर कार्रवाई शुरू कर दी गई है, उनका निष्पादन एक सप्ताह के भीतर सुनिश्चित किया जाएगा। शिविर में विभिन्न विभागों द्वारा अलग-अलग स्टॉल लगाकर लोगों की समस्याएं सुनी गईं तथा उन्हें सरकारी योजनाओं की जानकारी और आवश्यक सेवाएं उपलब्ध कराई गईं। आयुष्मान भारत योजना, सामाजिक सुरक्षा पेंशन, प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण), प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि, श्रम संसाधन विभाग, जीविका, पंचायत राज विभाग समेत कई महत्वपूर्ण विभागों के स्टॉल लोगों के आकर्षण का केंद्र बने रहे।
प्रखंड स्तरीय पदाधिकारी और प्रतिनियुक्त कर्मी अपने-अपने स्टॉल पर मौजूद रहकर आवेदनों का निष्पादन करने के साथ-साथ योजनाओं से संबंधित जानकारी भी उपलब्ध कराते रहे। शिविर के दौरान बड़ी संख्या में पहुंचे लोगों ने अपनी समस्याएं अधिकारियों के समक्ष रखीं, जिन पर आवश्यक कार्रवाई की गई। जन कल्याण शिविर के साथ-साथ चिकित्सा शिविर का भी आयोजन किया गया।स्वास्थ्य विभाग की टीम द्वारा कुल 53 लोगों का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया तथा उन्हें आवश्यक चिकित्सीय परामर्श दिया गया।
इसके अलावा लोगों को विभिन्न बीमारियों से बचाव, स्वच्छता और स्वास्थ्य के प्रति जागरूक भी किया गया। प्रखंड प्रशासन की ओर से लोगों से अपील की गई कि वे सरकार द्वारा संचालित जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ लेने के लिए ऐसे शिविरों में अधिक से अधिक संख्या में भाग लें तथा अपनी समस्याओं के समाधान के लिए उपलब्ध सुविधाओं का उपयोग करें।
प्रखंड विकास पदाधिकारी जयप्रकाश ने बताया कि शिविर का मुख्य उद्देश्य सरकारी योजनाओं और सेवाओं को आम लोगों तक सहज और प्रभावी ढंग से पहुंचाना है। उन्होंने कहा कि प्राप्त सभी आवेदनों के निष्पादन की नियमित मॉनिटरिंग की जा रही है तथा लंबित मामलों का निपटारा निर्धारित समय सीमा के भीतर सुनिश्चित किया जाएगा।

