17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक चलेगा “सेवा संकल्प एवं कायाकल्प अभियान”

17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक चलेगा “सेवा संकल्प एवं कायाकल्प अभियान”
Facebook WhatsApp

-सरकार की ओर से निर्धारित कार्यक्रमों में जनभागीदारी सुनिश्चित कर कार्यक्रम की सफलता प्रशासन की बड़ी जिम्मेदारीः डीएम

मोतिहारी। सरकार के सचिव, कला एवं संस्कृति विभाग से प्राप्त पत्र के आलोक में 17 सितंबर से 17 अक्टूबर 2026 तक “सेवा संकल्प अभियान” को प्रभावी एवं समयबद्ध क्रियान्वयन किया जाना है।

फलस्वरूप ज़िलाधिकारी की अध्यक्षता में समाहरणालय स्थित डॉ. राजेंद्र प्रसाद सभागार में एक महत्वपूर्ण बैठक हुई, जिसमें सभी संबंधित जिला स्तरीय पदाधिकारी उपस्थित थे।जबकि अनुमंडल पदाधिकारी, प्रखंड विकास पदाधिकारी सहित अन्य प्रखंड स्तरीय पदाधिकारी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से जुड़े थे।

सभी संबंधित पदाधिकारियों को निर्देश देते हुए डीएम ने कहा कि जिले में सार्वजनिक परिसंपत्तियों के सुदृढ़ीकरण, अनुरक्षण एवं जनसुविधाओं के उन्नयन के उद्देश्य से विशेष अभियान “सेवा संकल्प एवं कायाकल्प अभियान” का आयोजन किया जा रहा है। इसके अंतर्गत जिले में विभिन्न तिथियों पर अलग-अलग कार्यक्रम एवं गतिविधियां आयोजित की जाएंगी।

अभियान का उद्देश्य सरकारी एवं सार्वजनिक परिसंपत्तियों के बेहतर रख-रखाव के साथ-साथ जनभागीदारी को बढ़ावा देना, जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रति जागरूकता उत्पन्न करना तथा सेवा भावना को जन-जन तक पहुंचाना है। उन्होंने निर्धारित कार्यक्रम के संबंध में जानकारी देते हुए बताया कि “आशावाद का दीया” 17 सितंबर को संध्या पहर जलाया जाएगा।

इसमें जिला, अनुमंडल एवं प्रखंड मुख्यालय में अवस्थित महत्वपूर्ण स्थलों सहित सभी ग्राम पंचायत भवन, स्वास्थ्य केंद्र, विद्यालय, सामुदायिक भवन तथा प्रमुख टोला में दीप प्रज्ज्वलित की जाएगी।
कार्यक्रम के लिए जिला परियोजना प्रबंधक, जीविका/कार्यक्रम पदाधिकारी, बीपीएम-जीविका एवं प्रखंड विकास पदाधिकारी को नोडल दायित्व दिया गया है। जिला स्तर पर मोतिहारी में अटल पथ पर आशीर्वाद का दिया जलाया जाएगा।

जबकि “सेवा चित्र” 17 सितंबर से जिले के अंतर्गत सभी सरकारी एवं निजी विद्यालयों में “विकसित भारत संकल्प” तथा “25 साल में सेवा कार्य विषय पर चित्रकला एवं भाषण प्रतियोगिता आयोजित की जाएगी। इसके माध्यम से विद्यार्थियों को सेवा, विकास, सामाजिक उत्तरदायित्व एवं राष्ट्र निर्माण के विषयों से जोड़ने का प्रयास किया जाएगा। इसकी सफलता के लिए जिला शिक्षा पदाधिकारी को नोडल पदाधिकारी बनाया गया है।

“सेवा स्मरण” — 2 से 12 अक्टूबर तक पिछले 25 वर्षों के सेवा कार्य, प्रमुख जनकल्याणकारी योजनाओं तथा देश में आए बदलावों की कहानियों को गीतात्मक एवं नुक्कड़ नाटक के माध्यम से प्रस्तुत किया जाएगा। इस गतिविधि के जरिए विभिन्न विकास कार्यों एवं जनकल्याणकारी प्रयासों को रचनात्मक एवं सांस्कृतिक माध्यम से आम लोगों तक पहुंचाया जाएगा। कार्यक्रम का नोडल दायित्व कला एवं संस्कृति विभाग को दिया गया है।

“आंगन का मिलन” कार्यक्रम अंतर्गत आंगनबाड़ी केंद्रों पर सेविका-सहायिका एवं आशा कर्मियों के सम्मान, अनुभव संवाद एवं बच्चों की मनोरंजक गतिविधियों का आयोजन किया जाएगा। इस कार्यक्रम का उद्देश्य जमीनी स्तर पर सेवाएं देने वाले कर्मियों के योगदान को सम्मानित करना तथा बच्चों एवं समुदाय के बीच सकारात्मक संवाद एवं सहभागिता को बढ़ावा देना है।

इस कड़ी में “कहानी बदलाव की” अंतर्गत वास्तविक वीडियो/रील तैयार कर डिजिटल संग्रह बनाया जाएगा, जिसका नियमित प्रकाशन किया जाएगा। इन वीडियो एवं रील के माध्यम से विकास एवं जनकल्याणकारी योजनाओं से जुड़े वास्तविक अनुभवों तथा सकारात्मक बदलाव की कहानियों को आम लोगों तक पहुंचाया जाएगा। कार्यक्रम का नोडल दायित्व सूचना एवं जनसंपर्क विभाग को दिया गया है।

वहीं “सेवा ज्योति यात्रा” कार्यक्रम के अंतर्गत जिले में पदयात्रा, साइकिल यात्रा एवं बाइक यात्रा आयोजित की जाएगी। इसके माध्यम से युवाओं को सेवा एवं सामाजिक गतिविधियों से जोड़ना तथा जनभागीदारी के माध्यम से सेवा भावना को व्यापक रूप देना होगा।

जबकि “सेवा मेरा योगदान” कार्यक्रम के तहत प्रत्येक स्तर पर जनभागीदारी सुनिश्चित करने के लिए व्यापक गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। लिहाजा
कम से कम दो स्थलों के प्रत्यक्ष दृश्य परिवर्तन के पहले एवं बाद के फोटो एवं वीडियो तैयार करना,
प्रत्येक विद्यालय/शैक्षणिक संस्थान में श्रमदान कार्यक्रम आयोजित करना, तालाबों एवं छठ घाटों की सफाई को प्रमुख सेवा गतिविधि के रूप में शामिल किया गया है।

इस कड़ी में सेवा सेतु अभियान अंतर्गत सभी प्रखंडों में सेवा सेतु शिविर के लिए कैलेंडर तैयार किया जाएगा। शिविरों में प्राप्त आवेदनों को लाभार्थी डाटा बैंक के रूप में तैयार किया जाएगा तथा आवेदनों के निष्पादन एवं योजनाओं का लाभ लाभुकों तक पहुंचाने की तैयारी की जाएगी।

जबकि सेवा के रंग के अंतर्गत घर-घर से राष्ट्र तक-आभार और संकल्प की रंगोली के तहत एक निर्धारित तिथि को जिला के प्रमुख सार्वजनिक स्थल पर ह्यूमन रंगोली का आयोजन किया जाएगा, जिसका विषय भारत सरकार की प्रमुख जनकल्याणकारी योजनाएं, राष्ट्रीय प्रतीक तथा विकसित भारत का सपना होगी।

जिलाधिकारी सौरभ सुमन यादव ने सभी संबंधित विभागों, पदाधिकारियों एवं संबंधित संस्थाओं को निर्धारित तिथि एवं समय के अनुरूप कार्यक्रमों का सफल आयोजन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।

बैठक में नगर आयुक्त आशीष कुमार, सहायक समाहर्ता राजकृष्ण झा, अपर समाहर्ता (लोक शिकायत) शैलेंद्र कुमार भारती, जिला शिक्षा पदाधिकारी राजन गिरी, जिला परिवहन पदाधिकारी निवेदिता,उप समाहर्ता प्रेमलता, प्रभारी जिला गोपनीय शाखा अमरेश कुमार, निदेशक डीआरडीए डॉ. कुंदन कुमार, जयराम चौरसिया, जिला कल्याण पदाधिकारी संतोष कुमार पांडेय सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित थे।

anand prakash

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

चोरी करने से बेहतर है खुद की कंटेंट बनाओ! You cannot copy content of this page