चिरैया के तीनों पैक्सों में मतदान शांतिपूर्ण संपन्न, 55.6 प्रतिशत मतदाताओं ने किया मतदान

चिरैया के तीनों पैक्सों में मतदान शांतिपूर्ण संपन्न, 55.6 प्रतिशत मतदाताओं ने किया मतदान
Facebook WhatsApp

पूर्वी चंपारण। जिले के चिरैया प्रखंड क्षेत्र के मीरपुर, कपूरपकड़ी एवं दीपही धरहरवा पैक्स में बुधवार को शांतिपूर्ण एवं निष्पक्ष माहौल में मतदान संपन्न हो गया। तीनों पैक्सों में कुल 55.6 प्रतिशत मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। मतदान सुबह 7 बजे से शाम 4:30 बजे तक चला। चुनाव को लेकर सभी मतदान केंद्रों पर सुरक्षा एवं प्रशासनिक व्यवस्था के व्यापक इंतजाम किए गए थे।

निर्वाची पदाधिकारी सह बीडीओ डॉ. संजय कुमार ने बताया कि मतदान पूरी तरह शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ तथा किसी भी मतदान केंद्र से किसी अप्रिय घटना की सूचना नहीं मिली। उन्होंने कहा कि प्रशासनिक व्यवस्था पूरी तरह चुस्त-दुरुस्त रही और मतदान प्रक्रिया निर्धारित समय पर संपन्न कराई गई। प्राप्त जानकारी के अनुसार मीरपुर पैक्स में 59 प्रतिशत, कपूरपकड़ी पैक्स में 55.71 प्रतिशत तथा दीपही धरहरवा पैक्स में 52.9 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया।

मीरपुर एवं कपूरपकड़ी पैक्स में अध्यक्ष पद के लिए दो-दो उम्मीदवार चुनाव मैदान में हैं, जबकि दीपही धरहरवा पैक्स में अध्यक्ष पद के लिए चार प्रत्याशियों के बीच मुकाबला हुआ। निर्वाची पदाधिकारी ने बताया कि कुल चार पैक्सों के लिए चुनाव निर्धारित था। इनमें पटजिलवा पैक्स से अध्यक्ष पद के उम्मीदवार नंद किशोर प्रसाद निर्विरोध निर्वाचित घोषित किए गए हैं, जबकि शेष तीन पैक्सों में मतदान कराया गया।

चुनाव के लिए कुल 17 मतदान केंद्र बनाए गए थे तथा 68 मतदान कर्मियों की प्रतिनियुक्ति की गई थी। बीडीओ सह निर्वाची पदाधिकारी के हवाले से निर्वाचन कोषांग में प्रतिनियुक्त मुकेश कुमार यादव एवं अवधेश बैठा ने बताया कि मतदान समाप्ति के उपरांत शाम 6 बजे से प्रखंड मुख्यालय स्थित पीएम श्री महादेव साह उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, चिरैया कोठी में मतगणना प्रारंभ हुई। मतगणना कार्य के लिए पांच टेबल लगाए गए हैं। इधर अधिकारियों के अनुसार तीनों पैक्सों के चुनाव परिणाम देर रात तक आने की संभावना है।

anand prakash

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

चोरी करने से बेहतर है खुद की कंटेंट बनाओ! You cannot copy content of this page