सड़क पर बाइक स्टंटबाजी एक युवक को महंगा पड़ा, पुलिस ने किया गिरफ्तार
मोतिहारी। सोशल मीडिया पर लाइक और व्यूज पाने की होड़ में बाइक से स्टंट करना एक युवक को महंगा पड़ गया।पुलिस ने वायरल वीडियो के आधार पर त्वरित कार्रवाई करते हुए स्टंटबाज युवक सुरेंद्र कुमार को उसकी मोटरसाइकिल के साथ गिरफ्तार कर लिया। जानकारी के अनुसार, पुलिस को सूचना मिली थी कि मोतिहारी-रक्सौल-छौड़ादानो नहर पथ पर इन दिनों बाइक से खतरनाक स्टंट करने वाले युवाओं की संख्या बढ़ रही है। फलस्वरूप स्टंटबाजी के दौरान सड़क पर आवागमन करने वाले लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ता है। इससे दुर्घटना की आशंका बनी रहती थी।
नतीजतन एसपी से मिले आदेश के आलोक में वायरल वीडियो की जांच के बाद पुलिस ने संबंधित युवक की पहचान कर उसे बाइक समेत गिरफ्तार कर लिया। एसपी श्री प्रभात ने कहा है कि सड़क पर इस तरह की स्टंटबाजी कानूनन अपराध है और ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। एसपी ने अपील कि है की सोशल मीडिया पर लोकप्रियता हासिल करने के लिए अपना एवं दुसरे की जान जोखिम में नहीं डालें। सार्वजनिक सड़कों पर बाइक स्टंट करना कानून अपराध है।

