13 सूत्री मांगों को लेकर भाकपा (माले) का अंचल कार्यालय पर धरना
सुगौली। भाकपा माले रेड फ्लैग की सुगौली अंचल कमिटी के तत्वावधान में सोमवार को अंचल कार्यालय के समक्ष 13 सूत्री मांगों को लेकर एक दिवसीय धरना-प्रदर्शन आयोजित किया गया। साथी बैद्यनाथ सहनी की अध्यक्षता में आयोजित इस धरने में सैकड़ों कार्यकर्ताओं ने भाग लिया। कार्यक्रम का संचालन संजय यादव ने किया। धरना के माध्यम से कार्यकर्ताओं ने गरीबों,किसानों,मजदूरों और आम जनता से जुड़ी विभिन्न समस्याओं के समाधान की मांग उठाई।
धरना को संबोधित करते हुए भाकपा (माले) रेड फ्लैग के राज्य सचिव कॉमरेड रवीन्द्र कुमार ‘रवि’ ने केंद्र सरकार की नीतियों की आलोचना करते हुए कहा कि पिछले वर्षों में गरीबों,छात्रों और युवाओं की समस्याओं की अनदेखी की गई है। उन्होंने आरोप लगाया कि देश की सार्वजनिक संपत्तियों का निजीकरण किया जा रहा है, जिससे आम जनता प्रभावित हो रही है।
वहीं वरिष्ठ नेता भाग्यनारायण चौधरी ने लोकतांत्रिक मूल्यों और संवैधानिक अधिकारों की रक्षा की आवश्यकता पर बल देते हुए गरीबों के हितों की सुरक्षा की मांग की। संजय यादव ने चंपारण क्षेत्र से पटना के लिए रेल सुविधाओं के विस्तार की मांग उठाई। बगहा और मोतिहारी से पटना लिहाजा के लिए सीमित ट्रेनें होने के कारण यात्रियों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ता है।
क्षेत्र के लोगों की सुविधा के लिए अतिरिक्त ट्रेनों के परिचालन की मांग की। जिला सचिव भोला साह ने बाढ़ एवं कटाव से विस्थापित परिवारों की समस्याओं को प्रमुखता से रखा। सभा को चंदा देवी, राघव प्रसाद,सलमा खातून,भिखम राम,अवधेश राम, जितेन्द्र सहनी,दिलशाद मियां और अनिता देवी सहित कई नेताओं ने संबोधित किया।

