राष्ट्रीय एकता दिवस पर मोतिहारी में आयोजित होगा ‘यूनिटी मार्च एवं ‘राष्ट्रीय एकता दिवस समारोह
-सांसद राधामोहन सिंह होंगे मुख्य अतिथि
मोतिहारी। भारत की एकता, अखंडता एवं राष्ट्र की एकजुटता के प्रतीक लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की 151वीं जयंती के अवसर पर 31 अक्टूबर 2026 को राष्ट्रीय एकता दिवस के उपलक्ष्य में मोतिहारी में ‘राष्ट्रीय एकता दिवस समारोह’ का आयोजन किया जाएगा।
25 बिहार बटालियन एनसीसी, मोतिहारी के तत्वावधान में आयोजित इस कार्यक्रम में पूर्व केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री सह सांसद राधामोहन सिंह मुख्य अतिथि एवं एनसीसी बिहार झारखंड के एडीजी मेजर जनरल रविन्द्र सिंह विशिष्ट अतिथि के रूप में शामिल होंगे। कार्यक्रम के अंतर्गत प्रातः 6:30 बजे से ‘यूनिटी मार्च’ का आयोजन किया जाएगा, जो जिला स्कूल से प्रारंभ होकर स्टेशन रोड में सरदार पटेल चौक पर समाप्त होगा।
तपश्चात प्रातः 10:30 बजे से “राष्ट्रीय एकता दिवस समारोह” आयोजित होगा। यह आयोजन राजा बाजार स्थित महात्मा गांधी प्रेक्षागृह में किया जाएगा। उक्त कार्यक्रम में बिहार, झारखंड, पंजाब, हरियाणा, हिमाचल प्रदेश और चंडीगढ़ से एनसीसी के लगभग 1500 कैडेट भाग लेकर देश की एकता, अखंडता, संप्रभुता और सामाजिक समरसता का संदेश देंगे।
राष्ट्रीय एकता दिवस का उद्देश्य देश की एकता, अखंडता और आंतरिक सुरक्षा को सुदृढ़ करने के साथ-साथ नागरिकों में राष्ट्रप्रेम, सामाजिक समरसता एवं राष्ट्रीय कर्तव्यबोध की भावना को मजबूत करना है। सरदार वल्लभ भाई पटेल ने अपनी अदम्य इच्छाशक्ति, दूरदर्शिता और दृढ़ नेतृत्व से देश की रियासतों का एकीकरण कर अखंड भारत के निर्माण में ऐतिहासिक योगदान दिया था। उनका जीवन और कृतित्व आज भी राष्ट्र की एकता एवं अखंडता के प्रति समर्पण की प्रेरणा देता है।
इस अवसर पर सांसद राधामोहन सिंह युवाओं एवं उपस्थित नागरिकों को राष्ट्रीय एकता, सामाजिक सद्भाव और राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भागीदारी का संदेश देंगे। कार्यक्रम के माध्यम से युवाओं में देश की एकता, अखंडता एवं संप्रभुता की रक्षा के प्रति प्रतिबद्धता को और सुदृढ़ करने का प्रयास किया जाएगा।
आयोजक संस्था ने मोतिहारी शहर के सभी नागरिकों, युवाओं एवं राष्ट्रप्रेमियों से ‘रन फॉर यूनिटी’ तथा राष्ट्रीय एकता दिवस समारोह में उत्साहपूर्वक भाग लेकर राष्ट्रीय एकता के संकल्प को मजबूत करने की अपील की।

