नामांकन को लेकर प्रशासनिक तैयारी पूरी
-13 अक्टूबर से नामांकन प्रक्रिया शुरू
मोतिहारी। 13 अक्टूबर से जिला में नामांकन प्रक्रिया प्रारंभ हो जाएगी। इस अवसर पर जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह जिलाधिकारी के द्वारा निर्वाचन आयोग के दिशानिर्देश का पालन करने तथा निष्पक्षता व पारदर्शिता सुनिश्चित करने का सभी निर्वाची पदाधिकारी को निर्देश दिया गया है।
नामांकन प्रक्रिया पूर्वाह्न 11 बजे से शुरू हो जाएगी। 12 विधानसभा क्षेत्रों में नामांकन स्थलों का निर्धारण कर दिया गया है।
नामांकन अवधि में शांति एवं विधि व्यवस्था बनाये रखने हेतु पर्याप्त संख्या में दंडाधिकारी, पुलिस पदाधिकारी एवं पुलिस बलो की तैनाती की गई है।
समाहरणालय परिसर सहित सभी अनुमंडलों में कड़ी सुरक्षा व्यवस्था रहेगी। सभी मुख्य प्रवेश एवं निकास द्वारों पर ड्रॉप गेट तथा बैरिकेडिंग की गई है।
सुरक्षा की दृष्टि से निर्वाची पदाधिकारियों के कार्यालय से 100 मीटर की परिधि को स्पष्ट रूप से सीमांकित किया गया है, ताकि इस क्षेत्र में किसी भी अनधिकृत व्यक्ति या वाहन की आवाजाही न हो। नगर क्षेत्र के थानाध्यक्षों को निर्देश दिया है कि वे अपने-अपने थाना क्षेत्रों में निरंतर गश्ती व्यवस्था बनाए रखेंगे।

