हरसिद्धि के धनखरैया पम्प के समीप युवक का मिला शव, हत्या की आशंका
-एफएसएल टीम व डॉग स्क्वायड ने जांच की
-हिरासत में लिए गए दो युवकों से पुलिस कर रही पूछताछ
मोतिहारी। हरसिद्धि थाना क्षेत्र अंतर्गत हरसिद्धि-छपवा मुख्य पथ पर धनखरैया पेट्रोल पंप के समीप उस समय सनसनी फैल गई, जब सड़क किनारे मक्का के खेत में एक युवक का शव बरामद हुआ। मृतक की पहचान संग्रामपुर थाना क्षेत्र के परसौना गांव निवासी स्वर्गीय सुखल साह के 30 वर्षीय पुत्र रमेश साह के रूप में की गई है।
घटना की सूचना मिलते ही हरसिद्धि थानाध्यक्ष सुनील कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी। घटनास्थल की स्थिति को देखते हुए प्रथम दृष्टया यह आशंका जताई जा रही है कि युवक की हत्या कहीं और कर शव को यहां लाकर फेंक दिया गया है।
पुलिस मामले की गहन जांच में जुट गई है। हत्या के पीछे के कारणों का अब तक स्पष्ट खुलासा नहीं हो सका है, लेकिन पुलिस प्रेम प्रसंग, आपसी रंजिश और दोस्ती में दुश्मनी जैसे सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है तथा घटनास्थल के आसपास साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं। पुलिस दो युवक को संदेह के आधार पर हिरासत मे लेकर पूछताछ कर रही है। हिरासत मे लिए गए दोनों युवकों के साथ सोमवार को रमेश हरसिद्धि मे एक मीट भुजा के दुकान पर देखा गया था। दोनों मृतक के कथित दोस्त बताये जाते है।
बताया जाता है कि मृतक रमेश साह के तीन बहनों की शादी घटना स्थल से महज आधा किलोमीटर दूर पनापुर रंजीता गांव में हुई है। घटना की खबर मिलते ही बहनों के परिजन मौके पर पहुंचे, जहां उनका रो-रोकर बुरा हाल हो गया। परिजनों का कहना है कि रमेश को आखिरी बार रविवार को गांव में देखा गया था।
ग्रामीणों के अनुसार रमेश साह अपने बहनोई के पास नेपाल में रहकर काम करता था, जहां उसके बहनोई की दुकान है। घटना के बाद इलाके में भय और दहशत का माहौल है।

