तुरकौलिया में बाजार गई युवती लापता,अपहरण का मामला दर्ज
तुरकौलिया। थाना क्षेत्र के एक गांव की 18 वर्षीय युवती के लापता होने का मामला सामने आया है। युवती 19 मई को महनवा बाजार खरीदारी के लिए घर से निकली थी, लेकिन देर शाम तक वापस नहीं लौटी। काफी इंतजार के बाद परिजनों ने उसकी खोजबीन शुरू की, लेकिन उसका कहीं कोई सुराग नहीं मिल सका।
परिजनों के अनुसार, युवती के सभी रिश्तेदारों और परिचितों के यहां खोजबीन की गई, लेकिन उसका कोई अता-पता नहीं चल पाया। लगातार तलाश के बावजूद सफलता नहीं मिलने पर परिवार के लोग अनहोनी की आशंका से भयभीत हो गए हैं। इस संबंध में युवती के पिता ने तुरकौलिया थाना में आवेदन देकर अपहरण की प्राथमिकी दर्ज कराई है।
उन्होंने बताया कि बेटी के अचानक गायब होने के बाद वे लोग उसे ढूंढने में जुटे रहे, जिस कारण थाना में आवेदन देने में कुछ विलंब हुआ। पिता ने पुलिस से जल्द से जल्द उनकी बेटी को सकुशल बरामद करने की गुहार लगाई है। थानाध्यक्ष सम्पत कुमार ने बताया कि पुलिस सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच कर रही है। साथ ही तकनीकी और वैज्ञानिक तरीकों का भी सहारा लिया जा रहा है, ताकि जल्द से जल्द युवती का पता लगाया जा सके।

