वीडियो वायरल होने के बाद अवैध शराब निर्माण के लिए बदनाम मुसवा भेड़िहारी पहुंचे एसपी, जांच के बाद एलटीएफ प्रभारी सहित चौकीदार निलंबित
पूर्वी चंपारण। जिले के सुगौली थाना क्षेत्र के मुसवा भेड़िहारी गांव में अवैध शराब निर्माण से जुड़ा वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस प्रशासन पूरी तरह सक्रिय हो गया है। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक स्वर्ण प्रभात मंगलवार को स्वयं गांव पहुंचे और पूरे क्षेत्र का जायजा लिया। एसपी के दौरे के दौरान इलाके में पुलिस की गतिविधियां काफी तेज रहीं और संदिग्ध स्थानों की निगरानी के लिए ड्रोन कैमरों का सहारा लिया गया।

निरीक्षण के दौरान प्रथम दृष्टया स्थानीय स्तर पर लापरवाही सामने आने पर सुगौली थाना क्षेत्र के एलटीएफ प्रभारी और संबंधित चौकीदार के खिलाफ तत्काल कार्रवाई करते हुए उन्हें निलंबित कर दिया गया। इस कार्रवाई के बाद पुलिस विभाग में हलचल मच गई है। बताया जा रहा है कि वायरल वीडियो में खुलेआम अवैध शराब निर्माण और कारोबार से जुड़ी गतिविधियां दिखाई देने के बाद पुलिस व्यवस्था पर सवाल उठने लगे थे। इसके बाद जिला पुलिस प्रशासन ने मामले को गंभीरता से लेते हुए सख्त कदम उठाने शुरू कर दिए।
मौके पर एसपी स्वर्ण प्रभात ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिया कि अवैध शराब कारोबार से जुड़े किसी भी व्यक्ति को किसी भी सूरत में नहीं बख्शे।
पूरे इलाके में संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखी जा रही है और ड्रोन सर्विलांस के जरिए खेतों, झाड़ियों तथा दूरदराज क्षेत्रों की भी लगातार निगरानी की जा रही है। सूत्रों की मानें तो पुलिस टीम संदिग्ध लोगों की पहचान में जुटी हुई है। आने वाले दिनों में कई अहम खुलासे होने की संभावना जताई जा रही है। प्रशासन की इस सख्त कार्रवाई के बाद इलाके में चर्चाओं का दौर तेज है। वहीं पुलिस ने साफ संकेत दिया है कि सुगौली में अवैध शराब कारोबार और इसमें लापरवाही बरतने वालों के खिलाफ आगे भी कड़ी कार्रवाई जारी रहेगी। मौके पर सदर डीएसपी दिलीप कुमार पुलिस निरीक्षक संजीव मौवार थानाध्यक्ष अनीश कुमार सिंह सहित बड़ी संख्या में पुलिस बल के जवान मौजूद थे।

