बाढ पूर्व तैयारी को लेकर एसडीओ ने चंपारण तटबंध का निरीक्षण किया, अधिकारियों को दिए निर्देश
मोतिहारी/संग्रामपुर। संभावित बाढ के मद्देनज़र अनुमंडल पदाधिकारी, अरेराज अंजली शर्मा ने कार्यपालक अभियंता बाढ़ नियंत्रण मोतिहारी, सहायक अभियंता बाढ़ नियंत्रण अरेराज, कनीय अभियंता बाढ़ नियंत्रण संग्रामपुर एवं अंचलाधिकारी संग्रामपुर के साथ चम्पारण तटबंध के विभिन्न स्थलों का निरीक्षण किया।
इस दौरान कुछ स्थानों पर रैट होल, मिट्टी का कटाव एवं सतही क्षरण परिलक्षित हुआ। फलस्वरूप उक्त स्थलो के मरम्मती एवं सुदृढ़ीकरण कार्य कराने का संबंधित पदाधिकारियों को निर्देशित किया।
उन्होने तटबंध के ऊपर अस्थायी अतिक्रमण का जायजा लिया। वही बाढ़ अवधि में तटबंधों की सतत् निगरानी एवं चौकसी सुनिश्चित करने के लिए बाढ़ क्षेत्र के संबंधित राजस्व कर्मचारियों एवं तटबढ़ सुरक्षा के लिए प्रतिनियुक्त कर्मियों को पूर्ण सतर्कता बरतने का निर्देश दिया।
एसडीएम ने आमजनों से अपील की है कि बाढ़ संबंधी किसी भी सूचना अथवा आपात स्थिति की जानकारी तत्काल स्थानीय प्रशासन को उपलब्ध कराएं तथा तटबंधों की सुरक्षा एवं प्रशासनिक निर्देशों के अनुपालन में सहयोग प्रदान करें।

