सोशल मीडिया पर आवाज उठने के बाद बुनियादी विधालय के पास जमा कचरा जनसहयोग से हटाया गया
पीपराकोठी। स्थानीय बुनियादी विद्यालय के समीप लंबे समय से जमा कचरे को रविवार सुबह जनसहयोग से हटा दिया गया। यह कार्रवाई सोशल मीडिया पर इस मुद्दे के उठने और स्थानीय सफाई व्यवस्था पर सवाल खड़े होने के बाद की गई।
विद्यालय के आसपास कचरे का ढेर जमा होने से छात्रों, शिक्षकों और स्थानीय निवासियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा था। क्षेत्र में लगातार दुर्गंध और गंदगी फैलने से लोगों में असंतोष बढ़ रहा था। स्थानीय लोगों के अनुसार, क्षेत्र में नियमित सफाई व्यवस्था के अभाव के कारण कचरा लगातार जमा होता गया। इसके निष्पादन के लिए समय पर कोई प्रभावी पहल नहीं की गई थी, जिससे समस्या गंभीर होती जा रही थी।
समस्या की गंभीरता को देखते हुए कुछ युवाओं ने सोशल मीडिया के माध्यम से इस मुद्दे को उठाया। उन्होंने प्रशासनिक व्यवस्था की अनदेखी पर सवाल खड़े किए, जिसके बाद स्थानीय स्तर पर हलचल तेज हो गई। सोशल मीडिया पर मामला सामने आने के बाद रविवार सुबह समाजसेवी राजन सिंह पटेल के सहयोग से स्थानीय निवासियों ने स्वयं पहल की। जनसमूह और जेसीबी मशीन की सहायता से कचरे को हटाया गया।
इस अभियान में सोनू सिंह पटेल, छोटू सिंह, पिंटू चौधरी, अरुण कुमार, मनु सिंह, बजरंग कुमार सहित कई लोगों ने सक्रिय सहयोग दिया। अभियान के दौरान लोगों ने कहा कि यदि नियमित सफाई व्यवस्था प्रभावी होती, तो उन्हें स्वयं आगे आकर इस तरह का अभियान चलाने की आवश्यकता नहीं पड़ती।
स्थानीय निवासियों ने प्रशासन से क्षेत्र में नियमित साफ-सफाई और कचरा निष्पादन की स्थायी व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की है, ताकि भविष्य में ऐसी स्थिति दोबारा उत्पन्न न हो।

