बेलवा चौक पर बड़ा सड़क हादसा,साइकिल सवार युवक की दर्दनाक मौत
-दीपऊ कट की तरह बेलवा चौक का कट भी बना जानलेवा
-केसरिया से अरेराज को जोड़ने वाले सड़क पर ब्रिज की मांग
कोटवा। थाना क्षेत्र के बेलवा माधो चौक पर रविवार की सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में साइकिल सवार युवक की मौत हो गई। मृतक की पहचान डुमरियाघाट थाना क्षेत्र के नारायणापुर गांव निवासी फुलेना यादव का 18 वर्षीय पुत्र कौलेश यादव के रूप में हुई है।
मिली जानकारी के अनुसार,मृतक बेलवा माधो चौक से अपने घर जाने के लिए साइकिल से एनएच पार कर रहा था। इसी दौरान पिपराकोठी के तरफ से डुमरिया घाट के तरफ जा रही एक तेज रफ्तार ट्रक की चपेट में आ गया और घटना स्थल पर ही उसकी दर्दनाक मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही आसपास के लोगों की भीड़ जमा हो गई। आक्रोशित लोग लगातार हो रही सड़क दुर्घटनाओं के स्थाई निदान के लिए सड़क जाम कर दिया। सूचना पर 112 की टीम और कोटवा थाना पुलिस मौके पर पहुंची। स्थानीय लोगों के सहयोग से जाम हटवाया गया और यातायात सुचारू किया गया। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया गया।
पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त ट्रक को भी जब्त कर लिया है। घटना के बाद मृतक के परिजनों में कोहराम मचा हुआ है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से सड़क सुरक्षा को लेकर ठोस कदम उठाने की मांग की है। थानाध्यक्ष मुकेश कुमार ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
इस बीच मौके पर उपस्थित लोगों को समझा बुझा कर आधे घंटे के अंदर यातायात सुचारू कर दिया गया है। मुखिया प्रतिनिधि उमाकांत सिंह सहित दर्जनो ग्रामीण वहा फ्लाई ओभर ब्रिज बनाने की माँग कर रहे थे। लोगो का कहना है कि कोटवा दिपऊं की तरह यह कट भी अत्यंत घातक हो गया है जहा आए दिन दुर्घटनाएं होती है और लोगो की जाने जा रही है।

