प्रेम विवाह के बाद पति ने दहेज के लिए विवाहिता की बेरहमी से की पिटाई, आंख फोड़ी
-पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी पति को किया गिरफ्तार
पूर्वी चंपारण। जिले के शिकारगंज थाना क्षेत्र के सिरौना गांव की एक विवाहिता को प्रेम विवाह करना महंगा पड़ गया। दहेज की मांग पूरी नहीं होने पर पति द्वारा बेरहमी से मारपीट कर उसकी आंख फोड़ देने का मामला सामने आया है। घटना को लेकर पीड़िता गुड़िया कुमारी (22) के पिता भरत मुखिया ने थाना में आवेदन देकर न्याय की गुहार लगाई है।
दिए गए आवेदन में बताया गया है कि पताही थाना क्षेत्र के छोटका बलुआ गांव निवासी स्व. रामभरोस मुखिया के पुत्र जगदीश मुखिया ने 23 मई की रात करीब 10:30 बजे दहेज में तीन लाख रुपये की मांग को लेकर अपनी पत्नी गुड़िया कुमारी की बेरहमी से पिटाई की। मारपीट के दौरान उसकी बाईं आंख, नाक समेत शरीर के कई हिस्सों में गंभीर चोटें आईं है।
गंभीर स्थिति में उसे पहले स्थानीय अस्पताल ले जाया गया, जहां से चिकित्सकों ने बेहतर इलाज के लिए मोतिहारी रेफर कर दिया। बाद में उसका इलाज मुजफ्फरपुर के एक निजी अस्पताल में कराया जा रहा है। पीड़ित पक्ष का आरोप है कि बीच-बचाव करने पहुंचे परिजनों के साथ भी मारपीट और अभद्र व्यवहार किया गया। घटना की सूचना मिलने पर डायल 112 की टीम मौके पर पहुंची और आरोपी पति को हिरासत में लेकर थाना ले गई।
ग्रामीणों के अनुसार वर्ष 2024 में युवती ने घर से भागकर युवक से प्रेम विवाह किया था। बाद में दोनों पक्षों की मौजूदगी में ग्राम कचहरी में हिंदू रीति-रिवाज से शादी कराई गई थी। शादी के बाद से ही पति लगातार दहेज में तीन लाख रुपये की मांग कर विवाहिता को प्रताड़ित करता था।
इस संबंध में शिकारगंज थानाध्यक्ष गोपाल कुमार ने बताया कि आवेदन के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर आरोपी पति को गिरफ्तार कर लिया गया है। मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है।

