अज्ञात वाहन की ठोकर से बाइक सवार दंपति जख्मी,इलाज के दौरान पत्नी की मौत
-पति का इलाज जारी
संग्रामपुर। थाना क्षेत्र के अरेराज- हाजीपुर मुख्य पथ एस-एच 74 पर मंगलापुर के समीप अज्ञात वाहन ने बाइक सवार दंपति को रौंद दिया नतीजतन दोनो बुरी तरह जख्मी हो गये। ग्रामीणों की सूचना पर पुलिस ने पहुंचकर दोनों जख्मियों को संग्रामपुर सीएचसी अस्पताल पहुंचाया। जहां डॉक्टर अविनाश कुमार के द्वारा इलाज के बाद स्थिति गंभीर देखते हुए दोनों को मोतिहारी रेफर कर दिया गया।
दोनो की पहचान प. संग्रामपुर पंचायत के मठिया गांव के बताये जाते है । मोतिहारी में इलाज के दौरान पत्नी रमिता देवी उम्र 26 वर्ष की मौत हो गई। जबकि पति रामपुकार यादव का इलाज चल रहा है। ग्रामीण सह पूर्व पंसस बुटाइ यादव ने बताया कि दोनों पति पत्नी बाइक से इलाज कराने गोपालगंज जा रहे थे, जहां एसएच 74 पर अज्ञात वाहन ने ठोकर मार जख्मी कर दिया। मृतक रमिता को तीन छोटी छोटी पुत्री हैं।
पोस्टमार्टम के बाद शव संग्रामपुर मठिया गांव पहुंचते ही परिजनों के चीख पुकार व छोटी छोटी बच्चियों को देखकर सभी आंखे नम हो गई। जख्मी रामपुकार यादव के बूढ़े पिता असेसर यादव इस घटना से गहरे सदमे में है। प्रमुख सुनीता देवी के प्रतिनिधि नितेश कुमार ने शोक व्यक्त करते हुए आपदा के तहत परिजन को सहायता राशि मुहैया कराने की मांग की है।

