फंदे से लटका किशोरी का शव बरामद
-मृतका की मां ने यूडी केस दर्ज करने को लेकर थाना में दिया आवेदन
चिरैया। थाना क्षेत्र के महुआवा गांव के पुरवारी टोला में रविवार को एक किशोरी की संदिग्ध परिस्थितियों में फंदे से लटका शव बरामद किया गया। मृतका की पहचान उक्त गांव निवासी भिखर पासवान की 17 वर्षीय पुत्री मुस्कान कुमारी के रूप में हुई है। घटना के बाद गांव में मातम पसरा हुआ है।
जानकारी के अनुसार रविवार की सुबह करीब 11:30 बजे घर के सभी सदस्य पड़ोस में आयोजित पूजा-पाठ को लेकर पंचायत भवन स्थित पोखर में स्नान करने गए हुए थे। इस दौरान मुस्कान घर में अकेली थी। जब परिजन वापस लौटे तो उसे कमरे में पंखे से लगे फंदे से उसे लटका पाया। आनन-फानन में परिजनों ने उसे नीचे उतारा, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। घटना के बाद परिजन शव के दाह संस्कार की तैयारी में जुटे थे। इसी बीच किसी ने पुलिस को सूचना दे दी।
सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष महेश कुमार एवं एसआई कोमल कुमारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और शव को कब्जे में ले लिया। बाद में एफएसएल टीम को बुलाकर कमरे से साक्ष्य जुटाए गए। इसके बाद पुलिस ने पंचनामा तैयार कर शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल मोतिहारी भेज दिया।
मामले को लेकर मृतका की मां मिथिलेश देवी ने थाना में आवेदन देकर यूडी केस दर्ज करने की मांग की है। आवेदन में बताया गया है कि मुस्कान इंटर की परीक्षा में कम अंक आने के कारण पिछले कुछ दिनों से तनाव में रह रही थी। परिवार के लोगों के घर से बाहर रहने के दौरान उसने यह कदम उठा लिया। बताया गया है कि मृतका तीन बहनों और दो भाइयों में दूसरे स्थान पर थी। उसकी बड़ी बहन मनीषा कुमारी जमुई जिले में होमगार्ड में कार्यरत है, जबकि पिता भिखर पासवान नेपाल में कबाड़ी खरीद-बिक्री का काम करते हैं।
इस संबंध में थानाध्यक्ष महेश कुमार ने बताया कि मृतका की मां की ओर से आवेदन प्राप्त हुआ है। पुलिस आत्महत्या और अन्य बिंदुओं पर भी जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के वास्तविक कारणों का स्पष्ट पता चल पाएगा।

