सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट स्थल का महापौर ने किया निरीक्षण,गुणवत्तापूर्ण कार्य करने का दिया निर्देश
मोतिहारी। महापौर प्रीती कुमारी एवं निगम वार्ड पार्षद रोचक झा ने संयुक्त रूप से शहर अंतर्गत वार्ड संख्या 33 में निर्माणाधीन सीवरेज के निर्माणाधीन स्थल का निरीक्षण किया। इस अवसर पर बुडको के पदाधिकारीगण एवं कार्य एजेंसी के कर्मचारी उपस्थित थे।
निरीक्षण के दौरान निर्माण कार्य की प्रगति, गुणवत्ता एवं संबंधित तकनीकी पहलुओं की जानकारी अधिकारियों एवं कार्य एजेंसी से ली गई। महापौर ने कार्य में तेजी लाने तथा गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखने का निर्देश दिया। मोतिहारी शहर में नमामि गंगे एवं शहरी विकास विभाग अंतर्गत बुडको द्वारा कुल 4 एसटीपी निर्माण की योजना पर कार्य किया जा रहा है, जिसकी कुल क्षमता लगभग 23 एमएलडी निर्धारित है।
इनमें बैलखाना में 4.5 एमएलडी एवं छतौनी में 6.5 एमएलडी क्षमता का एसटीपी निर्माणाधीन है, इनमें बरियापुर एवं मिस्कॉट में प्रस्तावित एसटीपी परियोजनाओं का कार्य फिलहाल धीमी गति से चल रहा है।
इस महत्वाकांक्षी परियोजना के तहत लगभग 55 करोड़ रुपये की लागत से एसटीपी निर्माण एवं करीब 400 करोड़ रुपये की राशि से शहर में सीवर नेटवर्क, इंटरसेप्शन एंड डाइवर्जन कार्य, घरों को सीवर लाइन से जोड़ने तथा नालों के गंदे पानी के शोधन की व्यवस्था की जा रही है। महापौर ने कहा कि इस परियोजना के पूर्ण होने से शहर की जल निकासी व्यवस्था बेहतर होगी, प्रदूषण में कमी आएगी तथा मोतीझील, कररिया मन एवं धनोती नदी को साफ एवं स्वच्छ बनाने में यह परियोजना अहम भूमिका निभाएगी।
यह शहर को स्वच्छ, सुंदर एवं व्यवस्थित बनाने में मील का पत्थर साबित होगा। उन्होंने कहा कि नगर निगम का उद्देश्य केवल आधारभूत संरचना का निर्माण करना नहीं, बल्कि नागरिकों को स्वच्छ एवं बेहतर वातावरण उपलब्ध कराना है। इसके लिए सभी संबंधित एजेंसियों को समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण कार्य सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया है।

