विधानसभा चुनाव को लेकर रक्सौल में पुलिस ने किया फ्लैग मार्च
-सुरक्षा व्यवस्था कड़ी
रक्सौल।नगर क्षेत्र में विधानसभा चुनाव 2025 को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष एवं भयमुक्त वातावरण में संपन्न कराने को लेकर गुरुवार को केंद्रीय पुलिस बल एवं बिहार पुलिस के अधिकारियों ने संयुक्त रूप से फ्लैग मार्च निकाला।
फ्लैग मार्च एसडीपीओ मनीष आनंद के निर्देश पर आयोजित किया गया, जिसका संचालन रक्सौल थानाध्यक्ष अभिषेक कुमार द्वारा निर्धारित नगर क्षेत्र के रूटों पर किया गया। फ्लैग मार्च का नेतृत्व विकास कुमार पासवान ने किया।
बताया गया कि चुनावी माहौल में मतदाताओं में विश्वास कायम करना एवं असामाजिक तत्वों में भय उत्पन्न करना इस फ्लैग मार्च का मुख्य उद्देश्य है। थाना परिसर से शुरू हुई यह रैली नगर के प्रमुख मार्गों एवं भीड़भाड़ वाले चौक-चौराहों से होकर गुज़री।
इसमें मस्जिद चौक, अनुमंडल अस्पताल चौक, हजारीमल हाई स्कूल चौक, पुराना नगर परिषद भवन चौक, नहर चौक, बस स्टैंड चौक, कौड़िहार चौक, ब्लॉक रोड चौक, स्टेशन रोड सहित अन्य महत्वपूर्ण स्थान शामिल रहे। रास्ते भर सुरक्षा बलों की अनुशासित चाल और गाड़ियों की कतार ने लोगों का ध्यान आकर्षित किया।
फ्लैग मार्च के दौरान पुलिस अधिकारियों ने आमजन से चुनाव में शांति बनाए रखने और अफवाहों से दूर रहने की अपील की। साथ ही यह संदेश भी दिया गया कि प्रशासन किसी भी अप्रिय घटना को लेकर पूरी तरह चौकस है और कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
नगरवासियों ने जगह-जगह सुरक्षा बलों का स्वागत किया और फ्लैग मार्च से उन्हें भरोसा मिला कि आगामी विधानसभा चुनाव में सुरक्षा को लेकर किसी तरह की लापरवाही नहीं होगी। चुनावी मौसम को देखते हुए पुलिस प्रशासन की इस पहल ने आम जनता में शांति एवं सुरक्षा का वातावरण बनाने में सकारात्मक प्रभाव डाला है।

