“राष्ट्र के नाम मध्यस्थता अभियान” के तहत 250 से अधिक पारिवारिक मामलों का सफल निष्पादन
– जिला विधिक सेवा प्राधिकार के प्रयास से कई घरों में खुशियां लौटी
मोतिहारी। जिला विधिक सेवा प्राधिकार, मोतिहारी के तत्वावधान में जिला मध्यस्थता केंद्र द्वारा आयोजित “राष्ट्र के नाम मध्यस्थता 2.0” अभियान के अंतिम दिन कई पारिवारिक विवादों का सफलतापूर्वक समाधान कराया गया। इस विशेष अभियान के अंतर्गत दो बिछड़े हुए दंपत्तियों के बीच आपसी सुलह एवं सामंजस्य स्थापित कर उनके दाम्पत्य जीवन को पुनः बहाल कराया गया।
एडीजे रेशमा वर्मा एवं पुनीत कुमार तिवारी, मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी, मोतिहारी के अथक प्रयासों से चकिया निवासी अजय कुमार एवं आकांक्षा कुमारी तथा थाना बंजारिया अंतर्गत रोहिणिया निवासी प्रियंका कुमारी एवं राजेश कुमार के बीच लगभग दो वर्षों से लंबित वैवाहिक विवाद का सौहार्दपूर्ण समाधान कराया गया।
दोनों पक्षों ने आपसी मतभेद भुलाकर पुनः साथ रहने का निर्णय लिया, जिससे उनके परिवारों में खुशी का माहौल व्याप्त हो गया। इसके अतिरिक्त “राष्ट्र के नाम मध्यस्थता अभियान” के तहत 250 से अधिक पुराने पारिवारिक मामलों का सफल निष्पादन कराया गया। यह अभियान जिला विधिक सेवा प्राधिकार, मोतिहारी के लिए एक उल्लेखनीय उपलब्धि एवं नजीर साबित हुआ है। अन्य मध्यस्थगण विमलेश्वर नाथ तिवारी, बिनोद कुमार राव, अशोक कुमार पांडेय, रमाकांत पांडेय एवं ऋषि राज द्वारा भी निस्वार्थ भाव से मध्यस्थता कर अनेक परिवारों के जीवन में पुनः खुशियां लौटाई।
सचिव, जिला विधिक सेवा प्राधिकार, मोतिहारी नितिन त्रिपाठी ने सभी मध्यस्थों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि मध्यस्थता समाज में सौहार्द एवं पारिवारिक मूल्यों को सुदृढ़ करने का प्रभावी माध्यम है। इस अभियान की सफलता में कार्यालय कर्मी राजेश कुमार प्रसाद, सहायक रौशन कुमार एवं निरंजन कुमार सिंह का भी महत्वपूर्ण योगदान रहा।

