क्रिकेटर ईशान किशन को मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने दिया 1 करोड़ का पुरस्कार
पटना। देश-विदेश में बिहारी क्रिकेटरों का जलवा बढ़ता जा रहा है।युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी के बाद अब भारतीय टीम के विस्फोटक विकेटकीपर-बल्लेबाज ईशान किशन को भी बिहार सरकार ने बड़े सम्मान से नवाजा है।
आईसीसी टी20 वर्ल्ड कप 2026 में भारतीय टीम की जीत में अहम भूमिका निभाने वाले ईशान किशन को बिहार सरकार की ओर से एक करोड़ रुपये की पुरस्कार राशि प्रदान की गई।
शुक्रवार को मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने उन्हें सम्मान स्वरूप चेक सौंपा और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।मुख्यमंत्री ने इस मौके की तस्वीर अपने एक्स हैंडल पर साझा करते लिखा कि बिहार के लाल ईशान किशन ने विश्व कप में शानदार प्रदर्शन कर देश और राज्य दोनों का गौरव बढ़ाया है। उन्होंने उम्मीद जताई कि ईशान आगे भी भारतीय क्रिकेट में अपना दमखम दिखाते हुए नाम रोशन करते रहेंगे। मौके पर मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत, दीपक कुमार भी मौजूद रहे।
उल्लेखनीय है,कि इसके पूर्व वैभव सूर्यवंशी को भी तत्कालीन मुख्यमंत्री नीतीश कुमार द्वारा 50 लाख रुपये की पुरस्कार राशि देकर सम्मानित किया गया था। लोगों का मानना है कि बिहार सरकार द्वारा खिलाड़ियों को इस तरह प्रोत्साहन दिए जाने से राज्य के युवाओं में खेल के प्रति उत्साह बढ़ेगा और आने वाले समय में बिहार से और भी प्रतिभाशाली खिलाड़ी राष्ट्रीय टीम तक पहुंचेगे।

